अंत्योदय के प्रणेता पं. दीन दयाल को समर्पित है लाडो लक्ष्मी योजना: सुभाष बराला

 
Lado Laxmi Yojana is dedicated to the pioneer of Antyodaya, Pt. Deen Dayal: Subhash Barala
 

Mahendra india news, new delhi
सिरसा। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना को हरियाणा सरकार ने अंत्योदय के प्रणेता पं. दीन दयाल उपाध्याय की जयंती को विकास, अंत्योदय उत्थान और नारी शक्ति को समर्पित किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को राज्यस्तरीय समारोह के दारान महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत की। योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिए विशेष मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया है। प्रथम चरण में प्रदेश की करीब 20 लाख महिलाएं लाभांवित होंगी।

वे वीरवार को हिसारिया बाजार स्थित एनडीए के घटक गोपाल कांडा के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उनके साथ हलोपा सुप्रीमो गोपाल कांडा, भाजपा जिलाध्यक्ष यतींद्र सिंह एडवोकेट, गुरदेव सिंह राही, नमो ड्रोन दीदी व समाजसेवी विमला सिंवर, सीएम एमिनेंट पर्सन एडवोकेट कपिल सोनी भी मौजूद थे। सुभाष बराला ने कहा कि केंद्र व हरियाणा की भाजपा सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं को अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है। पं. दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन से प्रेरित होकर हरियाणा सरकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार ने आवेदन के समय आने वाली समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18001802231 और हेल्पलाइन नंबर 01724880500 भी लॉन्च किया। सुभाष बराला ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि राष्ट्र तभी महान बन सकता है, जब उसकी नारी सुरक्षित, शिक्षित और सम्मानित होगी।

हरियाणा सरकार का यह दृढ़ संकल्प है कि महिलाएं और बेटियां आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर हों और समाज की मुख्य धारा में भाग लें। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लागू किया गया है। इस योजना का लाभ 23 वर्ष से 60 वर्ष की आयु की उन विवाहित व अविवाहित बहनों को मिलेगा, जिनके परिवार की सालाना आय 1 लाख रुपये तक है। 2100 रुपये मासिक आर्थिक सहायता पात्र महिलाओं के बैंक खातों में मिलनी शुरू हो जाएगी। इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण बात है कि एक परिवार की कितनी भी महिलाएं पात्र हों, सभी को इस योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना का 2025-26 का वार्षिक बजट 5 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किया गया है। पहले चरण में प्रदेश की लगभग 20 लाख माताओं बहनों को इसका लाभ मिलेगा।


बराला ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्श का अनुकरण करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं को स्वावलंबी बनाकर सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रहे हैं। नारी वंदन बिल से संसद व विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था हुई है। प्रधानमंत्री ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बीमा सखी, ड्रोन दीदी और लखपति दीदी जैसी योजनाएं शुरू कीं, जिनसे लाखों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री ने अपने जन्म दिवस पर मध्य प्रदेश से राष्ट्रव्यापी स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान और 8वें पोषण माह का शुभारंभ किया। यह अभियान पूरे भारत में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए स्वास्थ्य सेवा व पोषण सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।


हाल ही में जीएसटी की दरों में की गई कटौति को लेकर बराला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की एनडीए सरकार ने 22 सितंबर को नेक्स्ट-जेन जीएसटी सुधार लागू करके देश की कर प्रणाली में एक नया ऐतिहासिक अध्याय जोड़ा है। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वन नेशन, वन टैक्स के विजऩ को और मज़बूती प्रदान करता है तथा करदाताओं, उपभोक्ताओं और उद्योग जगतकृसभी को प्रत्यक्ष राहत देने वाला है। पूर्व में लागू मल्टीपल टैक्सेशन व्यवस्था जटिल और बोझिल थी। भाजपा सरकार ने पहले चरण में जीएसटी लागू कर पूरे देश में कर प्रणाली को एकीकृत किया। अब 3.0 सरकार ने इस सुधार को और आगे बढ़ाते हुए नेक्स्ट-जेन जीएसटी लागू किया है, जिसके अंतर्गत दैनिक उपभोग की वस्तुएं जैसे तेल, शैम्पू, टूथपेस्ट, साबुन, बिस्किट, नमकीन, बर्तन, सिलाई मशीन आदि पर टैक्स घटाकर केवल 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे देश के करोड़ों उपभोक्ताओं को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा और महंगाई पर नियंत्रण होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ नीतियां बनाई हैं।

नेक्स्ट-जेन जीएसटी सुधार उसी दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है, जो कर प्रणाली को और अधिक जनहितकारी, सरल और पारदर्शी बनाता है। विपक्ष द्वारा जीएसटी को लेकर पूछे गए सवाल पर सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा सरकार ने नीतियां बनाने से पहले उनका मूल्याकंन किया, अलग-अलग विशेषज्ञ लोगों की टीमें बनाकर पूरा ढांचा तैयार किया, जिसके बाद ही नीतियों को अमलीजामा पहनाया, ताकि जनता को नीतियों का पूरा लाभ मिल सके, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने नीतियां तो बनाई, लेकिन उन्हें लागू करने और हर वर्ग तक उनका लाभ पहुंचाने में नाकाम रही। अब भाजपा द्वारा नीतियों को अमलीजाता पहनाए जाने पर विपक्ष के नेताओं में श्रेय लेने की होड़ लगी है कि ये नीतियां हमारी पार्टी के समय में बनी थी। बराला ने कहा कि जनता विपक्ष की कुनीतियों को समझ चुकी है। भाजपा के प्रति जनता के विश्वास का ही कमाल है कि तीसरी बार भाजपा सत्त्ता में आई। जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए ही केंद्र व राज्य की सरकार लगातार जनहितैषी व कल्याणकारी नीतियां बनाकर हर वर्ग को लाभांवित कर रही है।