राजकीय महिला महाविद्यालय, सिरसा में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले का अंतिम अवसर

 

mahendra india news, new delhi
   राजकीय महिला महाविद्यालय, सिरसा में सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने की इच्छुक छात्राओं के लिए दाखिले का अंतिम अवसर उपलब्ध है। महाविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार 8 अगस्त 2026 से 23 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जा रही है। 23 अगस्त को इच्छुक छात्राएं बजे तक महाविद्यालय में उपस्थित होकर उपलब्ध सीटों के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं।


प्रेस प्रवक्ता डॉ कपिल कुमार सैनी ने बताया कि छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विभिन्न रोजगारपरक एवं पारंपरिक स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जा रहा है। उपलब्ध पाठ्यक्रमों में बी.ए., बी.कॉम., बी.एससी., बी.बी.ए., बी.सी.ए., बी.ए. विद मेजर इन पंजाबी तथा बी.ए. विद मेजर इन इंग्लिश प्रमुख हैं। इन पाठ्यक्रमों में छात्राएं अपनी रुचि, योग्यता एवं भविष्य की कैरियर संभावनाओं के अनुरूप प्रवेश ले सकती हैं।


महाविद्यालय प्राचार्य डॉ शत्रुजीत की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्राओं को प्रतिदिन आयोजित होने वाली फिजिकल काउंसलिंग में निर्धारित समय पर महाविद्यालय परिसर में उपस्थित होना होगा। काउंसलिंग के दौरान उपलब्ध सीटों, पात्रता तथा संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसलिए इच्छुक छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे दाखिले में किसी प्रकार की देरी न करें।


महाविद्यालय प्रशासन ने विशेष रूप से छात्राओं से अपील की है कि सीटें सीमित हैं, अतः उपलब्ध अवसर का समय रहते लाभ उठाएं। छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय परिसर में प्रवेश संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है।
राजकीय महिला महाविद्यालय, सिरसा को सिरसा शहर का प्रमुख सरकारी महिला महाविद्यालय बताते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं रोजगारपरक उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाना है। महाविद्यालय में शैक्षणिक विकास के साथ-साथ छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, कौशल निर्माण, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।


महाविद्यालय प्रशासन ने क्षेत्र की छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित अवधि में महाविद्यालय पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।