सिरसा खेड़ी गांव में 100 रुपये लीटर दूध बेचने का पशुपालकों ने लिया फैसला, तय रेट से कम में बेचने पर लगेगा 5100 का जुर्माना

 

mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश में जुलाना तहसील के सिरसा खेड़ी गांव में पशुपालकों ने दूध के रेट बढ़ाने का फैसला लिया है। गांव के करीबन 20 पशुपालकों ने इसके लिए बैठक की। जिसमें पशुपालकों ने 1 सितंबर से भैंस का दूध 100 रुपये प्रति लीटर बेचने के बाबत फैसला किया है। इसी के साथ ही निर्धारित रेट से कम पर दूध बेचने वाले पर 5100 रुपये जुर्माना लगाने का फैसला भी लिया गया है। घर से दूध लेने पहुंचने वाले ग्राहकों से भी 100 रुपये प्रति लीटर ही लेने की बात तय हुई है।

पशुपालकों के इस निर्णय के बाद एक दिन वीटा को भी दूध नहीं दिया गया। हालांकि नुकसान को देखते हुए एक पशुपालक ने पुराने रेट पर दूध देना शुरू किया तो अन्य पशुपालकों ने भी वीटा को दूध देना शुरू कर दिया। अब दूध के नए रेट को लेकर पशुपालक जल्द दोबारा पंचायत बुलाने की तैयारी कर रहे हैं।

सिरसा जिला में 70-80 रुपये लीटर बिक रहा भैंस का दूध
सिरसा जिला में फिलहाल भैंस का दूध 70 से 80 रुपये और गाय का दूध 50 से 60 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। पशुपालकों का कहना है कि पशु आहार, तूड़ी, दवाइयों और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में मौजूदा कीमतों पर दूध बेचने से पशुपालन में आमदनी कम हो रही है। उनका कहना है कि लागत के अनुपात में दूध का भाव बढऩा जरूरी है।