SIRSA में बुक विक्रेता से 70 लाख की फिरौती मांगने के मामले में रेकी करने वाला मास्टरमाइंड काबू

 

Mahendra india news, new delhi
शहर सिरसा के सी ब्लॉक क्षेत्र से 12 वर्षीय नाबालिग लड़के का अपहरण कर 70 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य मास्टरमाइंड आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक पुत्र सुरेश कुमार निवासी गांव रामनगरिया, जिला सिरसा के रूप में हुई है। आरोपी को चतरगढ़ पट्टी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।

शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलराज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इंद्रपुरी मोहल्ला निवासी राजेश कुमार पुत्र रामगोपाल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी सुरतगढ़िया चौक पर किताबों की दुकान है। उसकी दुकान पर चतरगढ़ पट्टी निवासी सौरभ पिछले करीब तीन वर्षों से काम करता था। शिकायतकर्ता के अनुसार उसका 12 वर्षीय बेटा सी ब्लॉक स्थित एक ट्यूशन सेंटर में पढ़ने जाता है तथा सौरभ उसे प्रतिदिन बाइक पर ट्यूशन छोड़ने जाता था।बीते दिन शाम करीब 5 बजे सौरभ बच्चे को बाइक पर ट्यूशन छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वे सी ब्लॉक क्षेत्र में पहुंचे, पीछे से आई एक नैनो कार ने बाइक के आगे गाड़ी लगाकर उन्हें रोक लिया।

कार से उतरे तीन नकाबपोश युवकों ने सौरभ और बच्चे को जबरन गाड़ी में बैठा लिया तथा उनकी आंखों पर कपड़ा बांध दिया। आरोपियों ने कुछ दूरी पर ले जाकर शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से 70 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बच्चे को गुमराह करने के उद्देश्य से सौरभ ने साजिश के तहत स्वयं को बेहोश होने का नाटक किया ताकि नाबालिग बच्चे को लगे कि उसे भी बदमाशों ने बंधक बना रखा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी दीपक सहारन ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण, जबरन वसूली सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य मास्टरमाइंड आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले बाइक पर सवार होकर रेकी की तथा पीड़ित परिवार की गतिविधियों, समय और स्थान की जानकारी जुटाई थी। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है तथा उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाकर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।