टेट की अनिवार्यता रद्द करने व शिक्षकों की लंबित मांगो को लेकर विभागीय अधिकारियों से बैठक -  संघ

 

 चंडीगढ़ - हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के 23 सितंबर को पानीपत में जोरदार प्रदर्शन के बाद कल देर शाम को सिविल सचिवालय चंडीगढ़ में अतिरिक्त मुख्य सचिव महोदय स्कूल शिक्षा विभाग हरियाणा विजय कुमार दहिया, निदेशक माध्यमिक शिक्षा जितेन्द्र कुमार व निदेशक मौलिक शिक्षा हरियाणा मनिता मलिक के साथ राज्य प्रधान प्रभु सिंह की अगुवाई में शिक्षा और शिक्षकों की लंबित मांगो पर विस्तार से बैठक हुई। इसकी जानकारी देते हुए राज्य महासचिव रामपाल शर्मा ने बताया कि 23 अगस्त 2010 से पहले नियुक्त अध्यापकों को टेट परीक्षा पास करने की अनिवार्यता पर विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया गया कि टेट परीक्षा के आधार पर किसी भी अध्यापक का रोजगार नहीं छीना जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि एक भी अध्यापक के रोजगार पर आंच आई तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के अंदर गेस्ट टीचर्स के नियमितीकर की प्रकिया को शुरू कर दिया जाएगा और 11 अगस्त के मुख्य सचिव हरियाणा सरकार के पत्र के अनुसार नियमित करने हेतु गेस्ट टीचर्स से मामले मंगवाए जाएंगे। संगठन ने जेबीटी अध्यापकों के 10 वर्षों से लंबित तबादलों को पहले करने की मांग की। इस पर विभाग का कहना था कि हर हाल में सभी शिक्षकों के ट्रांसफर किए जाएंगे और अन्य अध्यापकों के तुरंत बाद जेबीटी/सीएंडवी के अंतर्जिला तबादले किए जाएंगे। उसके बाद जेबीटी के सामान्य तबादले किए जाएंगे। मॉडल संस्कृति और पीएमश्री स्कूलों के अध्यापकों को स्कूल आवंटन भी दो दिन के अंदर कर दिया जाएगा व इसके तुरंत बाद जरनल ट्रांसफर ड्राइव शुरू कर दिया जाएगा।

बैठक में बनी सहमति पर उन्होंने बताया कि पहले चरण में 4600 प्राथमिक स्कूलों में चतुर्थ श्रेणी के पद सृजित किए जाएंगे। गैर शैक्षिक कार्यों पर रोक लगाएंगे और कोशिश करेंगे कि अध्यापकों का अधिक से अधिक समय कक्षाओं में लगवाया जाए। सेवा नियमावली 2012 के सेवा नियमों में संगठन की मांग अनुसार आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। इस मुद्दे पर अलग से 28 सितंबर को संगठन के साथ विस्तार से बैठक की जाएगी। पेंडिंग एसीपी/मैडिकल/सीसीएल/ पे प्रोटेक्शन आदि के सभी लंबित मामलों के लिए जिला से लेकर निदेशालय स्तर तक सिटिजन चार्टर बनाकर मामले हल करवाए जाएंगे। पिछली 4 बार की हड़तालों की अवधि के नियमितीकरण के लिए जल्द ही पत्र जारी किया जाएगा।

सी एंड वी अध्यापकों के एसीपी मामले जिला स्तर पर ही निपटाए जाएंगे।निदेशालय में मामले मंगवाए जाने का पत्र वापस लिया जाएगा और अध्यापकों की समस्याओं के समाधान हेतु संगठन के साथ नियमित बैठकें होंगी। संगठन के साथ 100 मीटर के दायरे के स्कूल मर्जर पर पूर्णतया सहमति नहीं बन पाई, स्कूल मर्जर के मुद्दे और अगर मानी गई मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अध्यापक संघ का आंदोलन न सिर्फ जारी रहेगा बल्कि इसे ओर तेज किया जाएगा ।

हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के प्रतिनिधिमंडलमें राज्य प्रधान प्रभु सिंह, महासचिव रामपाल शर्मा, कोषाध्यक्ष संजीव सिंगला, गुरमीत सिंह, कृष्ण नैन, सत्यनारायण यादव, दिनेश यादव, भुपेंद्र सिंह, छज्जू राम, पूनम कुमारी शामिल रहे ।