मिशन बुनियाद बैच 2026-28 का शुभारंभ, विद्यार्थियों का किया गया स्वागत
mahendra india news, new delhi
सिरसा। हरियाणा में स्थापित समस्त बुनियाद केन्द्रों पर अंकुर-यात्रा का आरम्भ थीम के साथ मिशन बुनियाद बैच-5 (2026-28) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मिशन बुनियाद लेवल-3 की परीक्षा उत्तीर्ण कर चयनित विद्यार्थियों का गर्मजोशी एवं उत्साह के साथ स्वागत किया गया। विद्यार्थियों के लिए आज कक्षाओं का पहला दिन था, जिसे प्रेरणादायक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत पूरे हरियाणा से जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला विज्ञान विशेषज्ञ तथा मिशन बुनियाद केन्द्रों के प्राचार्य अपने-अपने सेंटरों पर पहुंचे और आॅनलाइन आयोजित इनॉग्रल कार्यक्रम में सहभागिता की। विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद के उद्देश्य, कार्यप्रणाली तथा उनके उज्ज्वल भविष्य में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
जिला सिरसा में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार तथा मिशन बुनियाद के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार सिरसा स्थित मिशन बुनियाद केन्द्र पहुंचे। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य मदन मलिक भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने विद्यार्थियों के साथ पौधारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक पौधे को निरंतर देखभाल और पोषण की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मिशन बुनियाद उनके जीवन को नई दिशा देने का माध्यम बनेगा। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि किसी भी विषय या कॉन्सेप्ट को बिना समझे न छोड़ें और पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें।
वहीं जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब उनका शैक्षणिक सफर एक नए मोड़ पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहेगा और निरंतर मेहनत करेगा, वही सफलता प्राप्त करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन समय पर कक्षा में आने, अनुपस्थिति से बचने, प्रत्येक विषय को गहराई से समझने तथा अपनी बुनियाद यानी नींव को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों में नया उत्साह, ऊर्जा और आत्मविश्वास देखने को मिला तथा सभी विद्यार्थियों ने मिशन बुनियाद के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का संकल्प लिया। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा के प्राचार्य मदन मलिक ने जिला शिक्षा अधिकारी का बुनियाद केन्द्र पर पहुंचने पर बुक्के भेंट कर स्वागत किया। व
मिशन बुनियाद के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला, जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार तथा विद्यालय प्राचार्य मदन मलिक का तिलक लगाकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर मिशन बुनियाद से एसीआई सुरेन्द्र कुमार, बुनियाद समन्वयक नेहा, रेणुका, पूजा एवं रविन्द्र तथा विद्यालय से पीयूष मक्कड़, प्रमोद कुमार, सुधीर कुमार, अनूप सिंह, गौरव वधवा सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।