SIRSA में सीआईए ने अवैध पिस्तौल, दो कारतूस व लोहे का कापा समेत दो युवक दबोचे

 

Mahendra india news, new delhi

 अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ सिरसा की एक पुलिस टीम ने गश्त के दौरान दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का अवैध पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक लोहे का तेजधार कापा बरामद किया है।

दोनों आरोपी पंजाब के मानसा जिले के गांव संघा के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरजीत सिंह उर्फ बब्बू पुत्र देशराज निवासी गांव संघा, जिला मानसा, पंजाब तथा गुरलाल सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी गांव संघा, जिला मानसा, पंजाब के रूप में हुई है। सीआईए प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारन के निर्देश पर सीआईए टीम अपराध की रोकथाम के लिए गश्त व पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान टीम सीडीएलयू सिरसा के पास मौजूद थी। पुलिस टीम को प्रेम नगर की तरफ से दो युवक आते दिखाई दिए।

जैसे ही दोनों युवकों की नजर पुलिस टीम पर पड़ी तो वे घबरा गए और वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 315 बोर का अवैध पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस तथा एक लोहे का तेजधार कापा बरामद हुआ। सीआईए टीम ने बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया है। आरोपियों को आगामी पूछताछ व कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सिविल लाइन पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अवैध हथियार कहां से लेकर आए थे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।