नेशनल कॉलेज SIRSA में रचनात्मक लेखन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
Mahendra india news, new delhi
राजकीय नेशनल महाविद्यालय, SIRSA में कार्यकारी प्राचार्या डॉ अनीता मड़िया के मार्गदर्शन में हिंदी विषय परिषद् तथा महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में “रचनात्मक लेखन” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. रमेश सोनी ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य वक्ता महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. मीत रहीं।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रचनात्मक लेखन के महत्वपूर्ण गुर बताए। उन्होंने कहा कि मनुष्य एक बौद्धिक और चिंतनशील प्राणी है जो अपनी कल्पना शक्ति के द्वारा विभिन्न रचनात्मक कार्य कर सकता है लेखन उनमें से एक है। व्यक्ति को अपनी कल्पनाशीलता के द्वारा अपने विचारों, भावनाओं और अनुभवों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करने के लिए संवेदनशील मस्तिष्क के साथ साथ संवेदनात्मक भाषा और सकारात्मक नजर व नजरिया होना जरूरी है। रचनात्मक लेखन के विषय हमारे आस पास के परिवेश में बिखरे पड़े हैं जिन्हें हम बेहद संजीदगी से बिंबों, प्रतीकों और उपमाओं के द्वारा लेख का विषय बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, सतत अभ्यास और मौलिक चिंतन की आदत विकसित करने की प्रेरणा दी।
इस कार्यशाला में दीपावली, प्रियंका, मीनू, सरोज बाला, अमनदीप कौर, रमेश कुमार, नीरू बाला, निशा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस कार्यशाला में प्राचार्या के तौर पर शिरकत करते हुए डॉ अनीता मड़िया ने बताया कि साहित्य समाज का दर्पण ही नहीं होता बल्कि हम सबकी अपनी व्यक्तिगत संवेदनाओं, कल्पनाओं और संरचनाओं का पुनर्निर्माण होता है उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसी कार्यशालाओं में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया और महाविद्यालय प्रशासन द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में हिंदी विषय परिषद् प्रभारी डॉ. करमजीत कौर ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को रचनात्मक लेखन के क्षेत्र में निरंतर प्रयास करते रहने तथा अपनी प्रतिभा को नई दिशा देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।