वन्दे मातरम की 150वीं जयंती पर एनसीसी कैडेट्स ने लगाए पौधे, लिया संरक्षण का संकल्प
सिरसा। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा में शनिवार को राष्ट्रगीत “वन्दे मातरम” की 150वीं जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। थर्ड हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी (हिसार) के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में एनसीसी की सभी छात्राओं ने भाग लिया और विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत की गरिमा और उसके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद करते हुए हुई। हिंदी प्रवक्ता विकास पोपली ने छात्राओं को वन्दे मातरम के इतिहास और देशभक्ति में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह गीत आज भी युवा पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम और त्याग की प्रेरणा देता है।
विद्यालय प्रधानाचार्या परमजीत कौर ने पौधारोपण के बाद छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा, “वृक्ष हमारी धरती की जीवनरेखा हैं। इनकी देखभाल करना हमारा कर्तव्य है। एनसीसी प्रभारी शिल्पी गुप्ता ने कैडेट्स को प्रकृति से अनुशासन और समर्पण सीखने की प्रेरणा दी तथा कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े परिवर्तन लाते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित कॉमर्स प्रवक्ता अनिल भाटिया ने छात्राओं के जोश और जिम्मेदारी की भावना की भूरि-भूरि प्रशंसा की। छात्राओं ने न केवल पौधे लगाए बल्कि आने वाले दिनों में नियमित रूप से पानी देने और उनकी देखभाल करने का सामूहिक संकल्प भी लिया। स्कूल प्रशासन ने इस अभियान को आगे भी जारी रखने और इसे और व्यापक बनाने की अपील की.