प्रदेश में आज होगी नीट-यूजी परीक्षा, 65 हजार से अधिक उम्मीदवार लेंगे परीक्षा में भाग 

 
mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश के अंदर नीट परीक्षा को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। चिकित्सक का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए आज कड़ी परीक्षा होगी। आपको बता दें कि चिकित्सा संस्थानों में एडमिशन के लिए नीट यूजी (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) ली जाएगी। हरियाणा प्रदेश के अंदर 175 केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर करीबन 65 हजार 300 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

आपको बता दें कि नीट परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5 बजे तक ऑफलाइन मोड में होगी। परीक्षा देने वालों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। एनटीए इग्जाम (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) ने परीक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी

बता दें कि बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था को दोगुना किया गया है। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग जांच काउंटर स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक सौ उम्मीदवारों पर एक सुरक्षा जांच काउंटर तथा 48 परीक्षार्थियों पर एक बायोमेट्रिक उपकरण लगाया जाएगा।सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे निगरानी होगी। जैमर को दोपहर एक बजकर 45 मिनट से सक्रिय किया जाएगा, ताकि बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस दौरान इंटरनेट मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रहेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति परीक्षार्थियों को भ्रमित न कर सके। जानकारी के अनुसार जरूरत पडऩे पर परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचाने के लिए डायल 112 सेवा का भी उपयोग किया जा सकता है।


सिरसा में कड़ी सुरक्षा 
हरियाणा प्रदेश के सिरसा में रविवार यानि 3 मई को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्थानीय लघु सचिवालय के कमरा नंबर 39 में इस संबन्धी जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए परीक्षार्थी, नागरिक 01666-248881 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

हरियाणा में सिरसा जिला अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि नीट (यूजी) के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र अभ्यर्थी को बिना किसी बाधा के परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्रदान करना है। साथ ही परीक्षार्थियों से अपील है कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।

इस परीक्षा के लिए सिरसा जिले में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 2451 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा केंद्र में किसी भी परिस्थिति में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार की लिखित या मुद्रित सामग्री, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, स्कैनर, बैग, पर्स, बेल्ट, आभूषण, कैमरा आदि भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
 
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की एंट्री होगी तथा दोपहर 1:30 बजे परीक्षा केंद्र के गेट बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों का समय दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। परीक्षा के शांतिपूर्ण व सफलतापूर्ण संचालन के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू रहेगी।