जेसीडी मेमोरियल कॉलेज SIRSA में हवन के साथ नए शैक्षणिक सत्र की हुई शुरुआत
mahendra india news, new delhi “तमसो मा ज्योतिर्ग्यम्" अर्थात अज्ञानता और निरक्षरता के अंधकार में आशा और ज्ञान की रजत किरण, स्वर्णिम परंपराओं को जारी रखते हुए, जेसीडी विद्यापीठ में स्थित जेसीडी मैमोरियल कॉलेज, सिरसा ने एक पवित्र हवन यज्ञ के साथ अपने एक और नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की। इस अवसर पर विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जय प्रकाश मुख्य यजमान बने। कॉलेज के प्राचार्य रणजीत सिंह, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य तथा सभी स्टाफ सदस्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच प्रार्थना कर नए सत्र की मंगलकामना की।
नये सत्र का उद्घाटन करते हुए विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जय प्रकाश ने कहा कि हवन यज्ञ आत्मिक शांति और आध्यात्मिक संतोष का मार्ग है। यह न केवल हमें परमात्मा से जोड़ता है, बल्कि हमारी आंतरिक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में प्रवाहित करने का साधन भी है। हवन की अग्नि में नकारात्मकता, ईर्ष्या और द्वेष जैसे दोषों का त्याग कर व्यक्ति आशावादी और संतुलित जीवन जी सकता है। उन्होंने बताया कि हवन न केवल आध्यात्मिक, बल्कि वैज्ञानिक रूप से भी लाभकारी है, जो व्यक्ति और पर्यावरण दोनों के लिए सकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने सभी को ईश्वर पर विश्वास रखने और प्रकृति के प्रति सदैव श्रद्धा भाव बनाए रखने का संदेश दिया।