हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर सिरसा डिपो में कर्मचारियों ने की भूख हड़ताल, सरकार पर वायदा खिलाफी का आरोप लगाकर किया प्रदर्शन

 

Mahendra india news, new delhi
सिरसा। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर सिरसा डिपो में कर्मचारियों ने भूख हड़ताल की और सरकार पर वायदाखिलाफी के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता डिपो प्रधान पृथ्वी चाहर ने की, जबकि संचालन सतपाल सिंह रानियां ने किया। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान मदनलाल खोथ व जिला सचिव रमेश कुमार सैनी ने रोडवेज कर्मचारियों को फूलमाला पहनाकर भूख हड़ताल पर बैठाया।

इस भूख हड़ताल में विशेष रूप से राज्य प्रधान नरेंद्र सिंह दिनोद व कोषाध्यक्ष पवन कुमार शर्मा ने भाग लिया। उपप्रधान राजकुमार कैशियर, विरेंद्र कुलेरी, रविंद्र कुमार ने कहा कि सरकार व परिवहन मंत्री द्वारा रोडवेज कर्मचारियों को बुलाकर भी उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जा रहा।

ऐसे में प्रदेशभर के रोडवेज कर्मचारी 22 फरवरी 2026 को परिवहन मंत्री के कैम्प कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में सिरसा जिले से भी रोडवेज कर्मचारी बढ़चढ़ कर भाग लेंगे। रोडवेज नेताओं ने कहा कि जनता का पैसा प्राइवेट बस मालिकों को दोनों हाथों से लुटाया जा रहा है।

कोरोना काल में हरियाणा रोडवेज की बस और रोडवेज कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत करके यूपी, बिहार जैसे दूर दराज के इलाकों में भी मजदूरों को अपने गंतव्य तक पहुंचाने का काम किया। इन कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने की बजाय सरकार ने उन्हें उस समय का ओवर टाइम तक नहीं दिया। उन्होंने मांग की कि कोरोना काल के समय का भुगतान रोडवेज विभाग में भी सरकार द्वारा जमा किया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार ने वायदाखिलाफी करते हुए कोरोना काल के दौरान किलोमीटर स्कीम की बसों का संचालन न होने पर भी उन्हें 50 करोड़ रुपए की सौगात दी जा रही है, जिसका रोडवेज कर्मचारी पुरजोर विरोध कर रहे हैं। इसके अलावा ग्रुप डी के कर्मचारियों को सिरसा डिपो में ओवर टाईम, बकाया नाईट अलाउंस और एलटीसी का भुगतान नहीं किया गया है। ऐसे में रोडवेज कर्मचारियों को एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।

उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों की सभी समस्याओं का बातचीत के जरिए तुरंत समाधान किया जाए। रोडवेज कर्मचारियों के साथ सरकार की दो-तीन दौर की बातचीत में जिन मांगों पर सहमति बनी थी उन मांगों को तुरंत लागू किया जाए अन्यथा रोडवेज कर्मचारी कोई बड़ा आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। अगर मांगें नहीं मानी गई तो 22 फरवरी के प्रदर्शन में प्रदेशभर के कर्मचारी बढ़ चढक़र हिस्सा लेंगे।


ये कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे:
भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव ने जूस पिलाकर भूख हड़ताल से जिला प्रधान मदनलाल खोथ व जिला सचिव रमेश कुमार सैनी ने उठाया। प्रदर्शन में कुलबीर सिंह, इंदपाल, रवि कुमार, संदीप कुमार कुलबीर सिंह, जगबीर सिंह सहित अनेक रोडवेज कर्मचारियों ने भाग लिया।