जेसीडी शिक्षण महाविद्यालय SIRSA में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
Mahendra india news, new delhi
SIRSA जननायक चौ.देवीलाल विद्यापीठ, सिरसा में स्थित शिक्षण महाविद्यालय के सभागर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कॉमर्स डिपार्टमेंट से प्रोफेसर सुरेंद्र कुंडू, नोडल अधिकारी, एनईपी 2020 एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जयप्रकाश द्वारा की गई।
डॉ. जयप्रकाश ने चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी के कॉमर्स विभाग के प्रोफेसर सुरेंद्र कुंडू का स्वागत किया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनईपी-2020 के मुख्य उद्देश्य समतापूर्ण और समावेशी शिक्षा प्रदान करना, बहु-विषयक शिक्षा को बढ़ावा देना, शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना, आलोचनात्मक सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा देना और एक लचीली और समग्र शिक्षा प्रणाली विकसित करना है।
मुख्य वक्ता प्रोफेसर सुरेंद्र कुंडू ने एनईपी 2020 के विभिन्न पहलू, मुख्यतः आईटीईपी पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि एनईपी 2020 का एक मुख्य पहलू एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (आईटीईपी) है, जो शिक्षकों को भारतीय मूल्यों और ज्ञान परंपराओं के साथ शिक्षा में नवीनतम प्रगति से लैस करता है, बहुषयक और अनुभवात्मक अधिगम पर केंद्रित है, और वास्तविक दुनिया की शिक्षा के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण और इंटर्नशिप पर जोर देता है।
यह कार्यक्रम एनईपी के व्यापक दृष्टिकोण का समर्थन करता है, जिसमें भारतीय भाषाओं और लोकाचार को बढ़ावा देना और शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के एक बड़े उद्देश्य को प्राप्त करना शामिल है। उन्हॊंने कहा कि पाठ्यक्रम को नया स्वरूप देने, डिजिटल प्रणाली बनाने, संकाय को प्रशिक्षित करने और बहु-विषयक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निर्णायक कार्रवाई करके 2035 तक उच्च शिक्षा में जीईआर को 50 प्रतिशत तक बढ़ाना महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. राजेंद्र कुमार, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. सुषमा, डॉ. कमलजीत, डॉ. निशा, डॉ. प्रीति, मि. बलविंदर, मि. संदीप, सरिता सहित सभी स्टाफ सदस्य एवं सभी विद्यार्थी उपस्थित थे।