हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर फायरिंग करने वाले का पुलिस ने किया एनकांउटर, पैरों में लगी गोली

 

mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश की बड़ी खबरों में सोनीपत से हैं। सोनीपत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग करने के मामले में शनिवार रात्रि एसटीएफ और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बारोटा-छतहेरा रोड पर हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दोनों पांव में गोली लगी है।

सोनीपत के सामान्य अस्पताल में घायल बदमाश को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। आरोपित की पहचान राई क्षेत्र के गांव लाडपुर के रोहित के रूप में हुई है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक पुलिस में केस दर्ज हैं।

सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया
एसटीएफ के मुताबिक रोहित हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर हुई फायरिंग के मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार 17 सितंबर 2026 की रात्रि भिवानी के खरक गांव में दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी उनकी रेंज रोवर गाड़ी पर बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग की थी। इस घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।

इस वारदात यानि फायरिंग की घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट भी सामने आई थी। इसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पोस्ट में दिलेर खरकिया को धमकी भी दी गई थी।

एसटीएफ अब आरोपित से पूछताछ कर फायरिंग की वारदात में शामिल अन्य आरोपितों और हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे वास्तविक कारण क्या था और इस केस में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एसटीएफ इंचार्ज इंस्पेक्टर अजय धनखड़ ने बताया कि रोहित का नाम हिसार में टोल मैनेजर के मर्डर के मामले में भी सामने आया है। इसके अलावा दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी। वारदात के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।