हरियाणा में सडक़ किनारे मिला अजगर; हडक़ंप मचते ही पहुंची 2 प्रदेशों के वन विभाग की टीम

 

mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश की बड़ी खबरों में नारायणगढ़ से हैं। हिमाचल सीमा से सटे हरियाणा प्रदेश के गांव उज्जल माजरी में सडक़ किनारे करीब 10 फीट 3 इंच लंबा अजगर मिला। यह 23 किलो वजन का मरा हुआ अजगर मिला। हिमाचल प्रदेश के गांव चूडन निवासी सोमनाथ सुबह करीब साढ़े छह बजे बैलगाड़ी से घास लेने उज्जल माजरी गया हुआ था। 

सोमनाथ का खेत हरियाणा की सीमा से लगते हैं। सडक़ पर अजगर देख उसे लगा कि वह जिंदा है। सोमनाथ ने डरते-डरते जैसे-तैसे रस्सी की मदद से अजगर को सडक़ से दूर कर दिया। इसके बाद सूचना मिलते ही हरियाणा और हिमाचल प्रदेश, दोनों प्रदेशों के वन्यजीव विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

हिमाचल से डिप्टी रेंजर सबीर खान टीम के साथ पहुंचे। हरियाणा की ओर से वार्डन विशाल शर्मा, वन्यजीव रक्षक अक्षय कुमार और नारायणगढ़ रेंज के वन दारोगा नितिन ने निरीक्षण किया।

इसके बाद मामला 2 प्रदेशों की सीमा से जुड़ा होने के कारण पहले यह तय किया गया कि अजगर किस क्षेत्र में मिला है। मौके का नक्शा तैयार कर जांच की गई तो स्थान हरियाणा की सीमा में पाया गया। इसके बाद हरियाणा की टीम ने अजगर को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डिप्टी डायरेक्टर राकेश कुमार की अगुवाई में 5 चिकित्सकों के पैनल ने अंबाला शहर में शाम को अजगर का पोस्टमार्टम किया। उसके पेट से एक खाया हुआ पक्षी भी मिला।

हालांकि, अजगर की मौत के कारणों के बारे में अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वन विभाग के मुताबिक अजगर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत अनुसूची-एक में संरक्षित जीव है। इसे पकडऩा, मारना या बेचना कानूनन अपराध है। दोष साबित होने पर पांच से दस साल तक की सजा का प्रावधान है।

विशाल शर्मा, वार्डन, वन्य प्राणी विभाग ने बताया कि हमें सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो एरिया हरियाणा का था। अब अजगर का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। उसकी रिपोर्ट के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।