होम गार्ड जवानों को बस किराया छूट के लिए मुख्यमंत्री को भेजा स्मरण पत्र: चंद्रपाल तंवर

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा। ऑल इंडिया होमगार्ड एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंद्रपाल तंवर ने होमगार्ड जवानों को बस किराए में छूट देने के लिए फिर से स्मरण पत्र भेजा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के होमगार्ड जवानों का बस किराए में छूट देने बारे में पहले भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, परिवहन मंत्री व पूर्व गृहमंत्री अनिल विज को भी लिखा जा चुका है, लेकिन अब तो कोई सुनवाई नहीं हुई। हरियाणा होमगार्ड विभाग में 12000 से अधिक होमगार्ड के जवान हैं। होमगार्ड के जवानों को एक दिन का सिर्फ  788 रुपए भत्ता/मानदेय दिया जाता है।

सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, रोहतक, रेवाड़ी, नारनौल, दादरी, भिवानी आदि जिलों के जवानों की ड्यूटी गुरुग्राम और फरीदाबाद में लगाई जाती है। उनका परिवार की देखभाल व अन्य कार्यों के लिए अपने गृह जिले में बार-बार आना जाना होता है, जिससे उन पर काफी आर्थिक बोझ पड़ता है। होमगार्ड के जवान पुलिस के साथ ही कानून व्यवस्था, ट्रैफिक ड्यूटी, थाना चौकी, चुनाव ड्यूटी और अन्य ड्यूटी करते हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंद्रपाल तंवर ने कहा कि पुलिस के समान होमगार्ड जवानों का किराया में छूट दी जाए, जितना किराया पुलिस विभाग के कर्मचारियों का काटा जाता है, उतना ही होमगार्ड के जवानों का काटकर जवानों को पुलिस के समान किराए में छूट दी जाए।