पिस्टल शूटिंग में अरनियांवाली के रोहन नेहरा ने जीता कांस्य पदक, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे सिरसा का प्रतिनिधित्व
mahendra india news, new delhi
स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अरनियांवाली के होनहार खिलाड़ी रोहन नेहरा ने पिस्टल शूटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रोहन नेहरा का चयन राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे सिरसा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
रोहन नेहरा के पिता श्री सुभाष नेहरा ने विद्यालय प्रबंधन एवं अध्यापकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को खेलों के लिए बेहतर मार्गदर्शन एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. निशा गुप्ता, अध्यक्ष श्री निहाल सिंह खोथ, चेयरमैन डॉ. रामकृष्ण खोथ एवं मैनेजिंग डायरेक्टर श्री रोहतास जांगड़ा ने रोहन नेहरा को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी रोहन पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और सिरसा जिले तथा विद्यालय का नाम रोशन करें।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालय प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। रोहन नेहरा की इस उपलब्धि से विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों में खुशी का माहौल है।