गांव लुदेसर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्कूल के विद्यार्थियों ने निकाली हर घर तिरंगा यात्रा 

 

mahendra india news, new delhi

नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव लुदेसर स्थित राजकीय हाई स्कूल मेें तिरंगा अभियान के अंतर्गत देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात गांव में विद्यार्थियों के द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा की अगुवाई स्कूल के मुख्यअध्यापक कुलदीप सिंह नागल ने की। 


उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। हर घर तिरंगा अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने सभी से राष्ट्र के प्रति सच्ची देशभक्ति एवं प्रेम की भावना को मजबूत करने तथा हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों एवं स्टाफ में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला। 

मुख्यअध्यापक कुलदीप सिंह नागल ने कहा कि प्रत्येक घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर हम न केवल राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट करते हैं, बल्कि देश की एकता और अखंडता के संकल्प को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर धर्मपाल, सुरेंदर सिंह, प्रमोद कुमार, जसवंती रानी, ईश्वर सिंह, मुकेश कुमार, रामलाल, ज्योति राम, अनदीप व मनीराम मौजूद रहे।