शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज SIRSA में फ्रेशर पार्टी व ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
Mahendra india news, new delhi
शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज सिरसा में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत नवागंतुक विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत करने और प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक व मनोरंजक गतिविधियों में उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भंगड़ा, हरियाणवी नृत्य, गायन और मॉडलिंग की प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भंगड़ा और हरियाणवी नृत्य ने विशेष रूप से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। फ्रेशर ओरिएंटेशन के दौरान विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, विभिन्न गतिविधियों और कॉलेज जीवन की कार्यप्रणाली से परिचित करवाया गया।
इस दौरान पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के मार्गदर्शन में संचालित मानवता भलाई व समाजसेवा के कार्यों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। उन्हें सेवा कार्यों से जुड़कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, सकारात्मक सोच अपनाने और अच्छे संस्कारों के साथ अपने व्यक्तित्व का विकास करने का संदेश दिया गया।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. दिलावर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है। उनमें अच्छे संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता के प्रति संवेदनशीलता का विकास भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और समाज व देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
- किस विद्यार्थी को मिला कौन सा टाइटल
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा और व्यक्तित्व के आधार पर पांच विशेष टाइटल भी प्रदान किए गए। मिस्टर फ्रेशर का खिताब सूर्य प्रकाश (बीपीएड प्रथम वर्ष), मिस्टर पर्सनैलिटी सुमित (बीए प्रथम वर्ष), मिस्टर स्टाइलिश पवन (बीकॉम प्रथम वर्ष), मिस्टर हैंडसम वरुण जग्गा (बीए प्रथम वर्ष) और मिस्टर टिप-टॉप का खिताब कशिश स्वामी (बीसीए प्रथम वर्ष) को मिला। इस अवसर पर डॉ. सुमित सिंगला, डॉ. अनिल बैनीवाल, डॉ. बाबूलाल, अनिल कुमार, डॉ. समीर आनंद, अशोक कुमार, आशु गर्ग, हरचरण सहित कॉलेज के सहायक प्राध्यापक मौजूद रहे।