शिव चौक हत्याकांड: मामले में सिरसा पुलिस ने 3 मुख्य आरोपी 48 घंटे में दबोचे, उपचार के दौरान राहुल उर्फ फौजी की हुई थी मौत
Shiv Chowk murder case: Sirsa police apprehended 3 main accused within 48 hours; the victim, Rahul alias 'Fauji', had died while undergoing treatmentMAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा शहर के शिव चौक पर पुरानी रंजिश के चलते चाकुओं से हमला कर युवक की हत्या करने के मामले में सिरसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को मात्र 48 घंटे के भीतर काबू कर लिया है । गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैम कुमार पुत्र बंशीलाल व सन्नी कुमार पुत्र राजकुमार निवासी सर्कुलर रोड, शिव चौक सिरसा व सक्षम वर्मा पुत्र दीपक निवासी बेगू रोड सिरसा के रूप में हुई है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि 27 अक्तूबर की रात्रि को बाइक सवार तीन दोस्तों पर शिव चौक के पास कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। हमले में राहुल उर्फ फौजी और अरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
तीसरे दोस्त साहिल ने दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। बाद में परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। राहुल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बठिंडा एम्स रेफर किया गया, जहां 28 अक्तूबर की देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अरुण कुमार का सिरसा के निजी अस्पताल में उपचार जारी है ।
पुलिस के अनुसार घायल अरुण कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी चतरगढ़ पट्टी सिरसा ने अपने बयान में बताया कि वह अपने दोस्तों राहुल और साहिल के साथ बाइक पर जा रहा था। शिव चौक के पास कीर्ति नगर निवासी सुजल व अन्य युवकों ने उनका रास्ता रोककर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकुओं से वार कर राहुल और अरुण को गंभीर घायल कर दिया।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के संज्ञान में मामला आते ही सीआईए सिरसा और शहर थाना पुलिस की टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
पीड़ित के बयान के आधार पर चार नामजद सहित आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ शहर थाना सिरसा में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी । प्रारंभिक जांच में साहिल और सुजल के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम बठिंडा एम्स हॉस्पिटल में करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया था । गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा । थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। संलिप्त पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी ।