घग्गर के जलस्तर को लेकर SIRSA प्रशासन पूरी तरह सतर्क, तटबंधों को और मजबूत करने में ग्रामीण कर रहे पूरा सहयोग
Mahendra india news, new delhi
घग्गर नदी के जलस्तर को लेकर SIRSA जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और अधिकारी नदी पर लगातार गश्त करते हुए तटबंधों की निगरानी रख रहे हैं। इस कार्य में ग्रामीण भी पूरा सहयोग कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर तटबंधों को जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्राली आदि की सहायता से और अधिक मजबूत किया जा रहा है, वहीं मिट्टी के कट्टे भी भरवाए जा रहे हैं। प्राप्त रिपोर्ट अनुसार सरदूलगढ के पास 22 हजार 100 क्यूसिक तो ओटू वियर डाउन स्ट्रीम में 26 हजार क्यूसिक पानी चल रहा है।
फिलहाल घग्गर में जलस्तर कम हुआ है, लेकिन प्रशासन कोई भी ढिलाई नहीं बरत रहा है, बल्कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंधों में जुटा है। ग्रामीण इस कार्य में पूरा सहयोग दे रहे हैं।
SIRSA ADC वीरेंद्र सहरावत ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति का जायजा ले रहे हैं। सिंचाई विभाग की टीमें दिन रात गश्त कर रही हैं। जिला में स्थिति सामान्य है और एहतियात के तौर पर तटबंधों को जरूरत अनुसार और अधिक मजबूत किया जा रहा है, ताकि दोबारा पानी बढऩे पर कोई दिक्कत न आए। ग्रामीणों से संवाद किया जा रहा है। नदी के अलावा ड्रेन आदि की भी निगरानी की जा रही है।
उन्होंने अपील की कि नदी के आसपास स्थित गांवों के ग्रामीणों को तटबंध टूटने या पानी के रिसाव का खतरा हो तो संबंधित पटवारी, ग्राम सचिव, सिंचाई विभाग, फ्लड कंट्रोल रूम नंबर 01666-248882 या उपायुक्त कैंप कार्यालय दूरभाष नंबर 01666-248880 पर सूचित करें।
अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन को करें सूचित
सिंचाई विभाग के SDO रघुबीर शर्मा ने बताया कि विभाग की 24 टीमें गठित की गई है, जो लगातार घग्गर के जलस्तर और तटबंधों की निगरानी कर रही है। ग्रामीणों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है तथा स्थिति सामान्य है। घग्गर के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीण अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपातकालीन स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।