सिरसा: छात्रा की मार्कशीट रोकने का आरोप, स्कूल प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
शिक्षा के मंदिर में विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। परिवार मंच वेलफेयर ट्रस्ट (रजि.) सिरसा ने अनारी देवी विद्यापीठ, जमाल (ब्लॉक नाथूसरी चौपटा, जिला सिरसा) के प्रबंधन पर 12वीं कक्षा की एक छात्रा की मूल अंकतालिका (DMC) अवैध रूप से रोकने, ब्लैकमेल करने और मानसिक प्रताड़ना देने के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में ट्रस्ट के सचिव बंसी लाल गोदारा ने जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत भेजकर मामले में सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार छात्रा दिलजीत कौर ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित मार्च 2026 की 12वीं कक्षा की परीक्षा में 480 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। छात्रा का परीक्षा परिणाम क्वालिफाइड (उत्तीर्ण) है। छात्रा के पिता का नाम राजविंदर सिंह और माता का नाम गुरप्रीत कौर है। आरोप है कि परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद विद्यालय प्रबंधन द्वारा उसकी मूल डीएमसी स्कूल में रोक ली गई है और उसे नाजायज रूप से ब्लैकमेल किया जा रहा है।
मानसिक प्रताड़ना से भविष्य पर पड़ रहा असर:
ट्रस्ट के सचिव बंसी लाल गोदारा ने शिकायत में कहा कि मूल अंकतालिका उपलब्ध नहीं करवाने के कारण छात्रा को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे उसकी आगे की पढ़ाई और उच्च शिक्षा में प्रवेश लेने के अवसर भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की शैक्षणिक उपलब्धि और भविष्य के साथ इस प्रकार का व्यवहार उचित नहीं है। विद्यालय प्रबंधन की कथित मनमानी से छात्रा और उसके परिवार को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शिक्षा विभाग के नियमों का हवाला देकर कार्रवाई की मांग:
बंसी लाल गोदारा ने शिकायत में हरियाणा शिक्षा विभाग एवं बोर्ड के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी निजी विद्यालय को किसी भी परिस्थिति में छात्र-छात्रा की मूल मार्कशीट अथवा प्रमाणपत्र रोकने का अधिकार नहीं है। उन्होंने इसे बच्चों के शिक्षा के अधिकार और भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
FIR दर्ज करने और मूल डीएमसी दिलवाने की मांग:
परिवार मंच वेलफेयर ट्रस्ट ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अनारी देवी विद्यापीठ, जमाल के प्रबंधन के खिलाफ छात्रा की मूल डीएमसी रोकने, ब्लैकमेल करने और मानसिक प्रताड़ना देने के आरोपों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। मामले में आवश्यक तथ्यों के आधार पर तत्काल FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय हस्तक्षेप करके छात्रा की 12वीं कक्षा की मूल मार्कशीट विद्यालय से दिलवाए तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर स्कूल की मान्यता के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाए।