SIRSA पुलिस ने डकैती मामले में 7 से फरार वांछित भगोड़ा आरोपी काबू
Mahendra india news, new delhi
सिरसा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में वांछित भगोड़ों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीओ स्टाफ सिरसा पुलिस टीम ने डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी को नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव शाहपुरिया से गिरफ्तार किया है। पीओ स्टाफ प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयबीर सिंह उर्फ गोलू पुत्र दशरथ निवासी गांव शाहपुरिया, जिला सिरसा के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में थाना सदर सिरसा में डकैती का मामला दर्ज हुआ था। मामले में सदर थाना पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था। बाद में अदालत से जमानत मिलने के पश्चात आरोपी निर्धारित तारीखों पर अदालत में हाजिर नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार अदालत द्वारा आरोपी को कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन इसके बावजूद वह न्यायालय में पेश नहीं हुआ। अदालत के आदेशों की अवहेलना करने पर आरोपी को 13 जुलाई 2026 को पीओ (घोषित अपराधी) घोषित कर दिया गया था। इसके बाद थाना सदर सिरसा में बीएनएस की धारा 209 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई।
पीओ स्टाफ की पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव शाहपुरिया क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में सिरसा जेल भेज दिया गया।