सिरसा एसपी दीपक सहारन का ऐलान, ऑपरेशन ट्रैकडाउन"के तहत नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें
सिरसा.....पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन के प्रशासनिक भवन में जिला के सभी डीएसपी,थाना प्रभारियों,सीआईए व नारकोटिक्स की पुलिस टीमों की बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में 5 से 20 नवंबर तक "ऑपरेशन ट्रैकडाउन" चलाया जा रहा है । इस अभियान के तहत सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में फिरौती,अपहरण,गोलीबारी तथा हत्या जैसे संगीन अपराधों व संलिप्त वांछित भगौड़े अपराधियों की धरपकड़ तेज करें, तथा आदतन अपराधियों की हिस्ट्री शीट खोलें तथा समय समय पर चैक कर उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखें ताकि वे भविष्य में किसी अन्य अपराधिक वारदात को अंजाम न दे पाए ।
उन्होने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि आमजन का सहयोग लेकर नशे के सौदागरों व गैर कानूनी धंधा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में और तेजी लाएं । पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न अपराधिक वारदातों में पकड़े गए लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए अदालत में भी उनके खिलाफ बेहतर ढंग से पैरवी करें ताकि अपराध करने वाला व्यक्ति किसी भी सूरत में सजा से न बच पाए । उन्होने बैठक में उपस्थित सभी थाना प्रभारियों से कहा कि सिरसा में नशे को को जड़ से समाप्त करना ही हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी । यदि किसी थाना प्रभारी के क्षेत्र में नशीला पदार्थ बिकता हुआ पाया जाता है,तो थाना प्रभारी की जवाब देही तय होगी ।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने सभी थाना प्रभारियों से कहा है कि पीएम विंडो,सीएम विंडो व हर समय पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निश्चित समय अवधि में निपटारा कर सही समय पर जबाव भेजे तथा थाना में आए फरियादियों की गंभीरता से फरियाद सुन कर शीघ्र अति शीघ्र न्याय दिलवाएं ताकि पीड़त व्यक्ति अपने आप को सुरक्षित महसूस करें ।
उन्होने कहा कि पुलिस विभाग वास्तव में जन सेवा का एक बेहतरीन माध्यम है, और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सेवा, सुरक्षा, सहयोग और सत्यनिष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर अपनी व पुलिस विभाग की अच्छी छवि के लिए काम करना चाहिए । उन्होने थाना प्रभारियों को थाने के रिकॉर्ड तथा सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि हर सप्ताह सभी थाना प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा होगी काम में लापरवाही व कोताही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी ।