एससीईआरटी गुरुग्राम में राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में सिरसा की छात्रा गजल ने किया जिले का नाम रोशन

 

Mahendra india news, new delhi
 एससीईआरटी हरियाणा, गुरुग्राम में 31 जनवरी एवं 1 फरवरी 2026 को 53वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री, हरियाणा सरकार महिपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। प्रदर्शनी में हरियाणा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों ने अपने नवाचारी प्रयोग, वैज्ञानिक मॉडल एवं अनुसंधान आधारित परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। दोनों मंत्रियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया,

विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनके रचनात्मक एवं वैज्ञानिक प्रयासों की सराहना की। इस वर्ष प्रदर्शनी का मुख्य विषय विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के लिए स्टेम रहा। इसके अंतर्गत विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित से संबंधित रचनात्मक, नवाचारपूर्ण एवं व्यावहारिक मॉडल प्रस्तुत किए गए। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार क्षमता एवं अनुसंधान प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, मार्गदर्शक अध्यापकों तथा एससीईआरटी के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ भविष्य के वैज्ञानिकों को प्रेरित करने में सफल रही। जिला विज्ञान विशेषज्ञ डा. मुकेश कुमार ने बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में सिरसा जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने सहभागिता की। इनमें राजकीय उच्च विद्यालय कुरंगावली से विज्ञान अध्यापक आशीष, एफएफवीआरडी राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डबवाली से जीव विज्ञान प्रवक्ता राजेंद्र कुमार, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौटाला से भौतिक विज्ञान प्रवक्ता नरेश कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढुडियांवाली से गणित अध्यापक बंसीलाल तथा आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खारी सुरेरां से विज्ञान अध्यापिका मोहिनी शामिल रहीं।

जल संरक्षण एवं प्रबंधन उप-विषय के अंतर्गत एफएफवीआरडी राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा गज़़ल द्वारा प्रस्तुत एसी कंडेन्सेट वाटर मॉडल ने राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं सिरसा जिले का नाम रोशन किया।