हड़ताली कर्मचारी बोले, सरकार के आश्वासन पर नहीं विश्वास, चेतावनी, लिखित में नहीं मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन
mahendra india news, new delhi
पिछले 10 वर्षों से लंबित मांगो को लेकर सरकार द्वारा बार-बार समझौता करके मांगे पूरी करने के वादे को पूरा करवाने के लिए नगर पालिका कर्मचारी संघ शाखा अग्निशमन विभाग संबंधित सर्व कर्मचारी संघ द्वारा तीन दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन हड़ताल की अध्यक्षता फायर विभाग के जिलाध्यक्ष राजेश खिचड़ ने की। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों 1 मई से 14 मई तक चली हड़ताल में सरकार व संघ के बीच समझौते में फैसला हुआ था कि 30 जून 2026 तक कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा खत्म करने सहित 21 सूत्रीय मांग पत्र में से 17 मांगों पर सहमति बनी थी,
लेकिन सरकार द्वारा दिए समय 30 जून बीत जाने के बाद भी सरकार ने किसी भी मांग को पूरा करने का पत्र जारी नहीं किया है, जिससे नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के सभी कर्मचारियों में आक्रोश व गुस्सा है। 5 अगस्त को सरकार द्वारा संघ के नेताओं को बुलाकर वार्ता की गई, लेकिन ये वार्ता भी विफल रही। सरकार अब सितम्बर महीने तक और समय मांग रही है, लेकिन कर्मचारियों ने स्पष्ट शब्दों में सरकार से कहा है कि जब तक कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा खत्म करने फायर के शहीद कर्मचारियों को 50 लाख रुपए सहायता देने,उनके परिवार में पक्की नौकरी देने सहित ये सभी मांगों के पत्र जारी नही करेंगे तब तक हड़ताल जारी रहेगी। अब हमें आश्वासन पर विश्वास नहीं रहा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कोर्ट के भी आदेश है कि जिन कर्मचारियों को कच्ची नौकरी करते हुए 10 साल हो गए हैं, उनको पक्का किया जाए और पिछले 10 वर्षों का भुगतान 6 प्रतिशत ब्याज सहित किया जाए। नगर पालिका परिषद व निगम के समस्त कर्मचारी अब आर-पार के मूड में है। कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि सरकार अपना वादा पूरा करे, ताकि हम सब अपने-अपने कामों पर जाकर शहर को साफ-सुथरा कर गन्दगी से मुक्त कर सकें। इस मौके पर सुखदेव सिंह राज्य नेता, रामनिवास, रोहतास मेहरिया, प्रवीण गोस्वामी, राजेंद्र बिश्नोई, सतबीर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।