सीडीएलयू SIRSA में शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने किया शिक्षकों का सम्मान
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के विभिन्न विभागों में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया।
विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग में शिक्षक दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां मनाईं।
इस अवसर पर विभाग की अध्यक्ष प्रो. संजू बाला ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवन दृष्टि का विकास करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में फार्मेसी विभाग के इंचार्ज डॉ. गौरव खुराना, अशोक सैनी सहित विभाग के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।
डॉ. गौरव खुराना ने विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के सम्मान में विद्यार्थियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम उनके स्नेह और सम्मान की भावना को दर्शाता है। वहीं, शिक्षा विभाग में भी शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभाग की अध्यक्ष प्रो. मीना बालयान के नेतृत्व में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया। प्रो. मीना बालियान ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा विद्यार्थियों को केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन में सफलता के लिए आवश्यक मूल्य और संस्कार भी प्रदान करते हैं।
इसी प्रकार, विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में भी शिक्षक दिवस उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विभाग के अध्यक्ष प्रो. सेवा सिंह बाजवा ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी का संबंध केवल कक्षा तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह जीवन के निर्माण और व्यक्तित्व के विकास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण संबंध है। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए शिक्षक दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में आयोजित शिक्षक दिवस समारोहों ने शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों की गरिमा, सम्मान और आत्मीयता को और अधिक मजबूत किया। सभी कार्यक्रमों का समापन हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।