जिला स्तरीय शास्त्रीय समूह गान में शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल SIRSA की छात्राएं प्रथम
Mahendra india news, new delhi
भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित जिला स्तरीय शास्त्रीय समूह गान प्रतियोगिता में शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल सिरसा की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की आठ छात्राओं अंशवीर, नैना, प्रीत, सचनूर, लिजा, सिमरन, पलक और मुस्कान ने समूह गान प्रस्तुत किया। छात्राओं ने सुर-ताल और आपसी सामंजस्य के साथ प्रभावी प्रस्तुति देकर निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डा. शीला पूनिया इन्सां ने प्रार्थना सभा में विजेता छात्राओं को सम्मानित किया।
उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर छात्राओं ने सभी विद्यार्थियों के सामने देशभक्ति गीत की प्रस्तुति भी दी। मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुति से विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। प्रस्तुति के बाद विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर विजेता छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
प्रधानाचार्या ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां उनकी प्रतिभा, मेहनत और लगन का परिणाम हैं। पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां स्वयं संगीत के क्षेत्र में रुचि रखते हुए गायन करते हैं और उनकी प्रेरणा से विद्यार्थी भी संगीत एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। विद्यालय में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को संगीत, कला, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव का विषय है और अन्य विद्यार्थियों को भी इससे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।