करोड़ों की धोखाधड़ी के मामले को लेकर फतेहाबाद एसपी से मिले सुखविंद्र सोनी
Mahendra india news, new delhi
स्वर्णकार संघ के पूर्व जिला प्रधान तथा भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य सुखविंद्र सोनी ने अपने साथ हुई करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में फतेहाबाद के पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर से मुलाकात की। उनके साथ अरोड़वंश समाज से सुभाष बजाज भी मौजूद थे। उन्होंने आरोपी पक्ष द्वारा एसपी को दी गई शिकायत के सच से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि नवंबर 2020 में उसने सिरसा में अजय कुमार के साथ भादरा बाजार स्थित शनि मंदिर के पास अंबा ज्वैलर्स के नाम से सांझेदारी में सोने-चांदी का कारोबार शुरू किया था।
उन्होंने अजय और उसके पिता राजेंद्र कुमार के सामने रोशन लाल और सुंदर दास की मौजूदगी में अजय कुमार को 1565 ग्राम सोना व 6109 ग्राम शुद्ध चांदी दी, जोकि उसने अपने रिश्तेदारों से एकत्रित कर दिया था। उस समय के भाव के अनुसार सोने की कुल कीमत 52 हजार प्रति 10 ग्राम सोने के हिसाब से ली। जबकि चांदी 68 हजार 500 रुपए के हिसाब से ली गई। उस वक्त सोने-चांदी की कुल रकम 85 लाख 56 हजार 466 रुपए बनी थी।
जिसमें से मात्र 600 ग्राम के लगभग सोना उसे वापस दिया गया है, जबकि करीब एक किलोग्राम सोना व 6109 ग्राम चांदी अभी लेनदारी और बनती है। सुखविंद्र सोनी ने एसपी को बताया कि वे पहले भी भाईचारे के पक्ष में थे और आज भी भाईचारे के पक्ष में हैं, लेकिन आरोपी पक्ष जानबूझकर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाने के इरादे से भाईचारे को नहीं निभा रहा।
उन्होंने एसपी से मांग की कि इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ चुकी है और आरोपियों के खिलाफ तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाए, ताकि मुझे न्याय मिल सके। एसपी निकिता खट्टर ने सुखविंद्र सोनी को आश्वासत किया कि उनके साथ किसी प्रकार से अन्याय नहीं होगा।