सिरसा जिला के इस गांव के सरपंच ने गणतंत्र दिवस पर मेधावी छात्राओं को बांटी स्कूटियां, अनूठी पहल का चहुंओर हो रहा स्वागत

 
mahendra india news, new delhi

सिरसा जिला के गांव मट्टदादू में गणतंत्र दिवस अनोखे अंदाज में मनाया गया जहां अजा की पांच मेधावी छात्राओं को स्कूटियां देकर उन्हें स्नातकोत्तर शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया। राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सर्वप्रथम ग्राम सरपंच गगन रणदीप मट्टदादू ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर माता जगजीत कौर वैल्फेयर ट्रस्ट के माध्यम व सरपंच प्रतिनिधि रणदीप सिंह मट्टदादू के प्रयासों से सरदार गुरमेल सिंह द्वारा विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में स्नातक शिक्षा अर्जित करने वाली पांच छात्राओं को स्कूटियां प्रदत्त कर अन्य छात्राओं के लिए भी आदर्श प्रस्तुत किया ताकि वे भी उच्च स्तरीय शिक्षा के लिए प्रेरित हों। 


इस दौरान कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति, राष्ट्रवाद पर आधारित अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की जिसकी सर्वत्र प्रशंसा हुई। वहीं स्कूल प्रिंसिपल हवा सिंह ने इस समूचे कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने बताया कि सरपंच प्रतिनिधि रणदीप सिंह मट्टदादू हर वर्ष गांव की अनुसूचित जाति की उन छात्राओं को मुफ्त स्कूटी वितरित करते हैं जो स्नातकोत्तर कर रही हैं। 


इस प्रेरणादायी कारण से गांव की अन्य लड़कियों की भी हौंसला अफजाई होती है। कार्यक्रम में सरपंच गगन रणदीप मट्टदादू, सरपंच प्रतिनिधि रणदीप सिंह मट्टदादू सहित गांव के अनेक गणमान्यजनों ने शिक्षा व खेलों में भी अव्वल रहे विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। मंच संचालन प्रवक्ता गुरविंद्र सिंह सिंघेवाला ने किया। 


उन्होंने बताया कि मौजूदा ग्राम सरपंच गगन रणदीप मट्टदादू, सरपंच प्रतिनिधि रणदीप सिंह मट्टदादू जिस प्रकार ग्राम्य विकास के साथ-साथ स्कूली शिक्षा के प्रति गंभीरता दर्शातें हैं, वह अनुकरणीय है। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के अलावा उनके अभिभावकों व समस्त ग्रामीणों को देसी घी के लड्डुओं का वितरण किया गया।