मंदिर से गेहूं के 8 कट्टे व सिलेंडर चोरी की वारदात सुलझी, 2 आरोपी काबू
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रोड़ी थाना पुलिस ने गांव रोड़ी स्थित मंदिर में हुई चोरी की वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए गेहूं के आठ कट्टे और सिलेंडर भी बरामद कर लिया है। रोड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि गांव रोड़ी स्थित मंदिर के पुजारी कृष्ण कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी।
शिकायत में बताया गया कि 22 सितंबर की रात अज्ञात व्यक्ति मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां से गेहूं के करीब आठ कट्टे तथा एक सिलेंडर चोरी कर ले गए। अगले दिन मंदिर पहुंचने पर मुख्य गेट के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर सामान की जांच की तो चोरी का पता चला।
पुजारी की शिकायत पर थाना रोड़ी में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर गांव रोड़ी में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजीत सिंह पुत्र बलविंद्र सिंह निवासी रोड़ी और केवल सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी सरदुलगढ़, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए गेहूं के कट्टे और सिलेंडर बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।