SIRSA में मेहंदी रस्म के साथ शुरू हुआ दो दिवसीय श्री श्याम जन्मोत्सव कार्यक्रम

 

mahendra india news, new delhi
अनाज मंडी स्थित श्री श्याम बगीची धाम में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से दो दिवसीय श्री श्याम जन्मोत्सव का रविवार को श्याम बाबा की मेहंदी रस्म के साथ आरंभ हुआ। श्री श्याम बगीची धाम के मुख्य सेवक पवन गर्ग ने बताया कि बाबा के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बगीची धाम परिसर को भव्य रुप से सजाया गया।

बगीची परिसर में बिजली चलित रंग बिरंगी लडिय़ा लगाई गई और पंजाब से आए हुए कलाकारों द्वारा विशेष रुप से मंगाए गए फूलों से बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। श्री श्याम जन्मोत्सव को लेकर श्याम बगीची परिवार में खासा उत्साह देखा गया। श्री श्याम जन्मोत्सव के तहत देवउठनी एकादशी पर रविवार शाम को छह बजे सभी महिला श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के नाम की मेहंदी हाथों पर रचाई। इस दौरान बहनों ने बाबा श्याम के भजन भी गाए।

उहोंने बताया कि सभी को बाबा श्याम की रसोई का प्रसाद वितरित किया गया। रात को ठीक 12 बजे बाबा श्याम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में केक काटा गया और भव्य आतिशबाजी की गई। उन्होंने बताया कि सोमवार को दोपहर सवा एक बजे बाबा श्याम की विशाल रथ यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें 1100 से अधिक निशान लेकर महिला एवं परुष श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा में बाबा नगर भ्रमण कर शाम को बगीची परिसर में लौटेंगे। इसके बाद रात को भव्य जागरण एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।