हर घर तिरंगा अभियान तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं राष्ट्रभक्ति आधारित कार्यक्रम आयोजित
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में भारत सरकार एवं उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं राष्ट्रभक्ति आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान देशवासियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्र प्रेम एवं स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के प्रति कृतज्ञता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय की ओर से कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के कार्यालय के कमेटी रूम में एक बैठक आयोजित की गई,
जिसकी अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता, एकता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज प्रत्येक भारतीय के आत्मसम्मान और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से अपने घरों, कार्यालयों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर व्याख्यान, संगोष्ठी एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को मायजीओवी (MyGov) पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय ध्वज के विकास एवं ‘वंदे मातरम्’ की भावना पर आधारित प्रदर्शनी, छात्र-छात्राओं की सहभागिता से जन जागरूकता गतिविधियां, तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं एनसीसी कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी तथा परिसर में तिरंगा थीम पर सजावट सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं प्रकोष्ठों को अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों का व्यापक आयोजन सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों का गतिविधि वार विवरण एवं फोटोग्राफ निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि अभियान को सफल एवं जनभागीदारी पूर्ण बनाया जा सके। इस बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ सुनील कुमार, डीन यूथ वेलफेयर प्रोफेसर मंजू नेहरा, प्रोफेसर कपिल चौधरी, डॉ अमित सांगवान, डॉ रविंद्र तथा डॉ रोहतास आदि उपस्थित थे।