16 अप्रैल 2026 का मौसम: 11 प्रदेशों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, ये भी बड़ी चेतावनी
 

 
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौसम में कल वीरवार यानि 16 अप्रैल को भी बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान और उससे सटे राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है। एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में 0.9 किमी ऊंचाई तक सक्रिय है।

एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक फैली हुई है, जो उत्तर-पूर्व बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों और बांग्लादेश से होकर गुजर रही है (0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर)। वहीं, एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ बांग्लादेश से दक्षिण तमिलनाडु तक फैली है, जो गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक से होकर गुजर रही है (0.9 किमी ऊंचाई पर)।

कर्नाटक और उससे सटे महाराष्ट्र के ऊपर 3.1 से 5.8 किमी ऊंचाई के बीच एक प्रति-चक्रवाती परिसंचरण (एंटी-साइक्लोन) बना हुआ है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है।


मौसम ऐसा रहेगा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। केरल में कहीं-कहीं हल्की बरसात संभव है। 16 से 19 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश/बर्फबारी संभव है। 16 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम पंजाब में कहीं-कहीं हल्की बरसात और गरज के साथ बौछारें हो सकती हैं।

तेलंगाना, रायलसीमा, मराठवाड़ा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में लू (हीट वेव) चलने की संभावना है। बिहार और सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों में अगले 4 से 5 दिनों तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।