CDLU SIRSA में लैंगिक संवेदनशीलता विषय पर कार्यशाला का आयोजन
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के शिक्षा विभाग में आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) के सहयोग से महिला विद्यार्थियों व महिला शिक्षकों के लिए लैंगिक संवेदनशीलता विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य लैंगिक समानता, पारस्परिक सम्मान, गरिमा तथा सुरक्षित एवं समावेशी शैक्षणिक वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षा विभाग की चेयरपर्सन प्रो. मीना बाल्याण द्वारा स्वागत संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए लैंगिक समानता और संवेदनशीलता को वर्तमान शैक्षणिक परिवेश की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।
कार्यशाला में आईसीसी की संयोजक प्रो. रणजीत कौर तथा आंतरिक विशेषज्ञ प्रो. प्रियंका सिवाच, प्रो. निवेदिता एवं प्रो. कमलेश ने लैंगिक रूढ़ियों, भेदभाव, उत्पीड़न, लैंगिक हिंसा, समान अधिकार एवं अवसर तथा कार्यस्थल पर सम्मानजनक वातावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को जागरूक करते हुए लैंगिक संवेदनशील व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. वंदना ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।