सिरसा के सेंट जेवियर्स स्कूल में जेवियर्स MUN 3.0 का आयोजन, 10 से अधिक स्कूलों के 200 विद्यार्थियों ने लिया भाग

 

 mahendra india news, new delhi
सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिरसा ने प्रतिष्ठित जेवियर्स एमयूएन 3.0 (मॉडल यूनाइटेड नेशंस कॉन्फ्रेंस) का 25-26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर सफल आयोजन किया, जिसमें उत्तर भारत के विभिन्न जिलों के 10 से अधिक स्कूलों के लगभग 200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैश्विक नेतृत्व, संवाद, नीति-निर्माण और कूटनीति की समझ को गहरा करना था। इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन अंग्रेजी के प्रो. पंकज शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए किया। सम्मेलन का आयोजन टीम संकल्प के साथ सांझेदारी में, सक्षम तुटेजा के नेतृत्व में किया गया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को वैश्विक एजेंडा, बातचीत की तकनीक, नीति निर्माण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की गतिशीलता के बारे में व्यावहारिक जानकारी मिली।

कार्यक्रम की सफलता का श्रेय रेव. फादर रेजिनाल्ड केरकेट्टा, मैनेजर, रेव. फादर इवो डियास, प्रिंसिपल, और रेव. सिस्टर अलीशा फर्नांडीज, मुख्य समन्वयक को जाता है। उनके नेतृत्व और सहयोग ने जेवियर्स एमयूएन 3.0 को युवा शिक्षार्थियों के लिए एक उत्कृष्ट मंच बना दिया। इस वर्ष के सम्मेलन में पांच समितियां थीं, जहां प्रतिनिधियों ने रोजगार और वेतन में लैंगिक समानता, समान नागरिक संहिता, मानवाधिकार, एआई-आधारित युद्ध, और अंतरराष्ट्रीय शांति व सुरक्षा जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया।

समापन समारोह में प्रो. विजय, कुलपति, सीडीएलयू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों की सराहना की और उन्हें आत्मविश्वास व मूल्यों के साथ नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया। सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिरसा शिक्षा, नेतृत्व और वैश्विक जागरूकता में नए मानक स्थापित करता जा रहा है। जेवियर्स एमयूएन 3.0 ने एक बार फिर विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करने और सशक्त वैश्विक नागरिक तैयार करने की स्कूल की प्रतिबद्धता को साबित किया। सम्मेलन विक्स, भारत और कॉपोर्रेट मामलों के मंत्रालय के सहयोग से और भी समृद्ध हुआ। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।