हरियाणा प्रदेश में खाने-पीने की चीजों में 20 रुपये में होगी मिलावट की जांच, कुछ ही मिनट में सामने आएगा सच
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में अब लोग खाने-पीने की चीजों में मिलावट की जांच करवा सकेंगे। यह जांच सिर्फ 20 रुपये में करा सकेंगे। जानकारी के अनुसार शुरुआती परिणाम मात्र 10 से 12 मिनट में मिल जाएंगे।
एफएसएसएआइ (भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ) की तरफ से दी गईं 5 मोबाइल फूड सेफ्टी वैन सडक़ों पर उतारी गई हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि मोबाइल फूड सेफ्टी लैब को सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, स्कूल-कॉलेजों और बाजार में तैनात किया जाया जाएगा।
इससे काफी फायदा मिलेगा। इससे मौके पर ही जांच के साथ-साथ लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी। आम नागरिक दूध, मसाले, दाल और खाने के तेल जैसी आम चीजों के सैंपल शुरुआती जांच के लिए ला सकते हैं।
यह मोबाइल यूनिट मेलों, पर्व और दूसरे बड़े सार्वजनिक आयोजनों के दौरान भी काम आएंगी, जहां बड़ी संख्या में खाने-पीने के अस्थाई स्टाल और वेंडर काम करते हैं। फूड सेफ्टी आफिसर रैंडम सैंपल ले सकेंगे और मौके पर ही शुरुआती जांच कर सकेंगे।