व्हाट्सएप पर एपीके फाइल डाउनलोड करवा कर डेढ़ लाख रुपए का चूना लगाने के मामले में एक आरोपी काबू
One accused arrested for duping Rs 1.5 lakh by making people download APK files on WhatsApp
जिले सिरसा के गांव खैरेकां निवासी एक व्यक्ति के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें अज्ञात ठगों ने मोबाइल हैक कर करीब डेढ़ लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि दिनांक 9 जनवरी 2026 को सुबह लगभग 8:00 बजे उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करने का लिंक प्राप्त हुआ।
उक्त लिंक में वाहनों के चालान से संबंधित जानकारी होने का दावा किया गया था। जानकारी के अभाव में पीड़ित ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, फाइल तुरंत उसके मोबाइल में डाउनलोड हो गई।पीड़ित के अनुसार, फाइल डाउनलोड होते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया।
इसके बाद साइबर ठगों ने उसके मोबाइल के माध्यम से उसके दो बैंक खातों तक पहुंच बनाकर कुल लगभग 1.5 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर कर ली। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए एसपी दीपक सहारन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना सिरसा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में संलिप्त एक आरोपी करण उर्फ सन्नी पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी न्यू इंदिरा कॉलोनी मनी माजरा चंडीगढ़ को आईटी पार्क चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी को संबंधित अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है और इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड करने से बचें तथा अपने बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखें। यदि किसी के साथ इस प्रकार की घटना होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।जांच के दौरान जो भी व्यक्ति इस मामले में संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।