दयानंद स्कूल नाथूसरी चौपटा ने रचा इतिहास, सीबीएसई क्लस्टर-16 वॉलीबॉल में दो स्वर्ण व एक रजत पदक पर जमाया कब्जा
mahendra india news, new delhi
दयानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नाथूसरी चौपटा ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का संगम जब उत्कृष्ट प्रशिक्षण से मिलता है तो इतिहास रचता है। सीबीएसई क्लस्टर-16 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 एवं अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक तथा अंडर-17 वर्ग में रजत पदक जीतकर विद्यालय, क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ विद्यालय की अंडर-14, ओर अंडर-19 टीमें सीबीएसई राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं, जहाँ वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
इस उपलब्धि को इसलिए भी ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि किसी एक विद्यालय की तीनों आयु वर्गों की टीमों का फाइनल तक पहुँचना अपने आप में अत्यंत दुर्लभ है, और उससे भी बड़ी बात यह कि दो वर्गों में स्वर्ण तथा एक वर्ग में रजत पदक जीतकर दयानंद स्कूल ने सीबीएसई खेलों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर दी है। यह सफलता विद्यालय की वर्षों की खेल संस्कृति, सुनियोजित प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की अथक मेहनत का जीवंत प्रमाण है।द ओलिव स्कूल, फतेहाबाद में आयोजित इस प्रतियोगिता में पूरे हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश की अनेक टीमों ने भाग लिया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार टीमवर्क, अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। कठिन मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ खेलते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दी तथा शानदार जीत दर्ज कर स्वर्णिम सफलता हासिल की।
विद्यालय की प्राचार्या शिखा गोदारा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि "यह केवल पदक जीतने की सफलता नहीं, बल्कि वर्षों से किए जा रहे निरंतर प्रयास, अनुशासित प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की अटूट मेहनत का परिणाम है। हमें विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी इसी जोश और आत्मविश्वास के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और हरियाणा का नाम पूरे देश में रोशन करेंगे।"
दयानंद वेलफेयर एजुकेशन सोसाइटी के पदाधिकारी चेयरमैन भरत सिंह कासनिया , सेक्रेटरी विजेन्द्र गोदारा ने इसको विद्यालय के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए खिलाड़ियों, मैनटोर (Mentor) मुकेश कासनिया, प्रशिक्षक प्रकाश छाबङा ओर नरेश का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि ऐसे खिलाड़ियों का निर्माण करना भी है जो राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएँ।
विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विजेता खिलाड़ियों का अभिनंदन किया तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
दयानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नाथूसरी चौपटा की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे सिरसा जिले और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। अब सभी की निगाहें सीबीएसई राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता पर हैं, जहाँ विद्यालय के खिलाड़ी स्वर्णिम सफलता की नई इबारत लिखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।