शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में बारिश ने खेलों पर लगाया ब्रेक, मैदान डूबे, नहीं हो सकें वॉलीबॉल मुकाबले
mahendra india news, new delhi
सिरसा शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में चल रही जिला स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता पर शनिवार को बारिश भारी पड़ गई। दिनभर रुक-रुककर हुई रिमझिम बारिश से स्टेडियम के खेल मैदान पानी से भर गए। इसके चलते वॉलीबॉल का एक भी मुकाबला नहीं हो सका। वहीं आयोजकों ने वैकल्पिक स्थानों पर मैदान तैयार करवाकर कबड्डी और खो-खो के मुकाबले करवाए। इससे प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों को खिलाड़ियों के मुकाबले करवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बारिश के बावजूद कबड्डी और खो-खो के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले दोपहर बाद अन्य स्थानों पर करवाए गए।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिला टीम में किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को जिला की टीम में शामिल कर राज्य स्तर पर भेजा जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान सहायक जिला शिक्षा अधिकारी खेल केवल कंबोज और सहायक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी हरबंस सिंह खेल कन्वीनरों व प्रशिक्षकों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। इस दौरान गुरइंद्रजीत, वॉलीबॉल कन्वीनर दयाराम, रामवीर गोदारा, कुलदीप भोटी, कुलदीप, चरणजीत सिंह, राकेश कुमार, मंजीत कौर, सरला देवी, अमित बुल्ला सहित अन्य प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
- कबड्डी में चौपटा का दबदबा, तीनों वर्गों में कब्जाया पहला स्थान
कबड्डी कन्वीनर राजेंद्र सिंह ने बताया कि अंडर-14 आयु वर्ग में नाथूसरी चौपटा प्रथम और रानियां द्वितीय रही। अंडर-17 के फाइनल मुकाबले में नाथूसरी चौपटा ने रानियां को 27-18 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। रानियां की टीम उपविजेता रही। वहीं अंडर-19 वर्ग में नाथूसरी चौपटा प्रथम और डबवाली द्वितीय स्थान पर रही।
- खो-खो में भी चौपटा का जलवा
खो-खो कन्वीनर सुखदेव सिंह ने बताया कि अंडर-14 वर्ग में सिरसा प्रथम और नाथूसरी चौपटा द्वितीय रही। अंडर-17 वर्ग में नाथूसरी चौपटा प्रथम और सिरसा द्वितीय स्थान पर रहा। अंडर-19 वर्ग में भी नाथूसरी चौपटा ने पहला और रानियां ने दूसरा स्थान हासिल किया।