वॉलीबॉल चैंपियंस लीग ऑक्शन में सिरसा के खिलाड़ियों का जलवा, लाखों में लगी बोली
mahendra india news, new delhi
सिरसा। अक्टूबर माह से शुरू होने वाली वॉलीबॉल चैंपियंस लीग के ऑक्शन में सिरसा जिले के खिलाड़ियों का शानदार दबदबा देखने को मिला। जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर अलग-अलग टीमों ने लाखों रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से सिरसा के खेल जगत में खुशी की लहर है।
सिरसा जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के महासचिव श्री मुकेश कासनियां ने बताया कि सिरसा के खिलाड़ियों ने हमेशा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और देश का नाम रोशन किया है। इसी का परिणाम है कि वॉलीबॉल चैंपियंस लीग के ऑक्शन में भी सिरसा के खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला।
ऑक्शन में गांव तरकावली के खिलाड़ी विक्रम को अपनी टीम में शामिल करने के लिए कई टीमों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अंततः राजस्थान स्पीकर्स टीम ने ₹21 लाख की बोली लगाकर विक्रम को अपनी टीम में शामिल किया।
वहीं गांव नाथूसरी के उम्मीद राठौर की बोली ₹5 लाख से शुरू हुई और पंजाब एयरस्ट्राइकर टीम ने ₹7 लाख की बोली लगाकर उन्हें खरीदा।
गांव हजीरा के निखिल पूनिया को अयोध्या गर्जन टीम ने ₹3 लाख की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया।
इसी प्रकार गांव बकरियावाली के मनोज कड़वासरा को गर्वी गुजस टीम ने ₹5 लाख की बोली लगाकर खरीदा।
सिरसा के स्टार खिलाड़ी आयुष कासनियां को अयोध्या गर्जन टीम ने ₹12 लाख की बोली लगाकर आइकॉन खिलाड़ी के रूप में अपनी टीम में शामिल किया।
इसके अलावा सिरसा की प्रतिभा का प्रतिनिधित्व कर चुके मन्नत चौधरी को बेंगलुरु स्पाइकर्स टीम ने ₹9.50 लाख की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। वहीं मुकुल राणा को अयोध्या गर्जन टीम ने ₹6.25 लाख में खरीदा। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि मन्नत चौधरी और मुकुल राणा दोनों खिलाड़ी पूर्व में जेसीडी वॉलीबॉल अकादमी में प्रशिक्षण ले चुके हैं। इन दोनों खिलाड़ियों की सफलता से जेसीडी वॉलीबॉल अकादमी में भी खुशी का माहौल है।
महासचिव मुकेश कासनियां ने कहा कि सिरसा जिले में वॉलीबॉल की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और जिले में वॉलीबॉल के प्रति बढ़ते माहौल का परिणाम है कि आज सिरसा के खिलाड़ी देश की प्रतिष्ठित वॉलीबॉल लीग में लाखों रुपये की बोली हासिल कर रहे हैं।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि वॉलीबॉल चैंपियंस लीग में सिरसा के खिलाड़ी अपने शानदार खेल से एक बार फिर जिले का नाम रोशन करेंगे।