सिरसा में तैराकी का महाकुंभ शुरू, 356 स्कूलों के 1200 तैराक दिखा रहें दम

 

mahendra india news, new delhi

डेरा सच्चा सौदा के एमएसजी भारतीय खेल गांव में शनिवार से चार दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 बालक वर्ग स्विमिंग चैंपियनशिप का रंगारंग आगाज हो गया। शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की ओर से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 356 से अधिक सीबीएसई स्कूलों के करीब 1200 तैराक हिस्सा ले रहे हैं। पहले ही दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाओं और अत्याधुनिक तकनीक के बीच खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया, जबकि खेल विशेषज्ञों ने एमएसजी भारतीय खेल गांव के खेल ढांचे को देश के सर्वश्रेष्ठ परिसरों में शामिल बताया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ स्विमिंग फेडरेशन आॅफ इंडिया एवं हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष तथा हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव अनिल खत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उनके साथ सीबीएसई आॅब्जर्वर डॉ. गार्गी, उप पुलिस अधीक्षक राजवीर यादव, डेरा सच्चा सौदा के सीनियर वाइस चेयरमैन डॉ. पीआर नैन, प्रबंधन समिति सदस्य प्रवीण इन्सां, शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों के प्रशासक चरणजीत सिंह इन्सां तथा संस्थानों के स्पोर्ट्स हेड कोच डॉ. नवजीत भुल्लर भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के सदस्य रिटायर्ड कर्नल नरेंद्र पाल सिंह तूर, शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. शीला पूनिया इन्सां, बॉयज स्कूल के प्रिंसिपल राकेश धवन इन्सां, कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. दिलावर सिंह तथा सेंट एमएसजी ग्लोरियस इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर प्रिंसिपल अजय धमीजा इन्सां सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे।


                 

चैंपियनशिप के पहले दिन अंडर-19 वर्ग की 1500 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा आकर्षण का केंद्र रही। फरीदाबाद के दर्श सिंह ने 18 मिनट 53 सेकंड 25 मिलीसेकंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पंजाब के पठानकोट के विनायका महाजन ने 18 मिनट 53 सेकंड 59 मिलीसेकंड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। झज्जर के दिव्यांश कादियान तीसरे, पानीपत के अरमान राठी चौथे तथा लुधियाना के आर्यन मिश्रा पांचवें स्थान पर रहे।
               

मुख्य अतिथि अनिल खत्री ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि एमएसजी भारतीय खेल गांव में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने डेरा सच्चा सौदा के पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए जिस स्तर का बुनियादी ढांचा यहां विकसित किया गया है, वह प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर नॉर्थ जोन प्रतियोगिताओं में इलेक्ट्रॉनिक टच पैड्स जैसी सुविधाएं देखने को नहीं मिलतीं, लेकिन यहां यह व्यवस्था खिलाड़ियों को निष्पक्ष और सटीक परिणाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि 50 और 100 मीटर जैसी स्पर्धाओं में विजेता का फैसला कई बार मिलीसेकंड के अंतर से होता है। ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम खिलाड़ियों और अभिभावकों दोनों का विश्वास बढ़ाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अपने लंबे खेल जीवन में उन्होंने खिलाड़ियों के रहने, भोजन और परिवहन की इतनी व्यवस्थित और उच्चस्तरीय व्यवस्था बहुत कम स्थानों पर देखी है। यहां से विजेता खिलाड़ी सीबीएसई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। अनिल खत्री ने एमएसजी भारतीय खेल गांव में विकसित हॉकी, क्रिकेट, हैंडबॉल, रोलर स्केटिंग सहित अन्य खेल स्टेडियमों की भी प्रशंसा की और कहा कि पूरा परिसर अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरता है। उन्होंने जानकारी दी कि यहां शीघ्र ही आॅल वेदर 50 मीटर स्विमिंग पूल भी तैयार किया जाएगा, जिससे भविष्य में और बड़े राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजन कराए जा सकेंगे।
                         

 शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों के प्रशासक चरणजीत सिंह इन्सां एवं स्पोर्ट्स हेड कोच डॉ. नवजीत भुल्लर ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न स्पधार्ओं के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन और अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कशिश रेस्टोरेंट में की गई है। इसके अलावा खिलाड़ियों को एमएसजी भारतीय खेल गांव तक लाने-ले जाने के लिए विशेष वाहनों की भी व्यवस्था की गई है।


- इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम से होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता के सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम (टच पैड्स) की मदद से कराए जा रहे हैं, जिससे परिणाम पूरी तरह सटीक और पारदर्शी रहेंगे। प्रतियोगिता प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित होगी। सुबह का सत्र सुबह 6:30 बजे से 9 बजे तक तथा शाम का सत्र शाम 5 बजे से 7 बजे तक चलेगा।