अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में SIRSA जिला में योगासन खेल प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

 
Mahendra india news, new delhi

SIRSA जिला प्रशासन, खेल और आयुष विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में योगासन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। ये प्रतियोगिताएं ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित होंगी, ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता 02 जून, जिला स्तरीय प्रतियोगिता 09 जून तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 15 जून को आयोजित की जाएगी।

जिला खेल अधिकारी जगदीप ने बताया कि शहीद भगत सिंह स्टेडियम SIRSA में सुबह 9 बजे से 5 बजे के बीच प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में आयोजित होगी। पहला वर्ग अंडर-18 (10 से 18 वर्ष) तथा दूसरा वर्ग 18 से 55 वर्ष आयु वर्ग का होगा। पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं अलग-अलग आयोजित की जाएंगी। आयु की गणना 01 जनवरी 2026 को आधार मानकर की जाएगी।

प्रतिभागियों को आसनों के प्रदर्शन से पहले सूर्य नमस्कार का एक राउंड करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक प्रतिभागी को 5 अनिवार्य आसन तथा निर्धारित सूची में से अपनी पसंद के 2 वैकल्पिक आसनों का प्रदर्शन करना होगा। अनिवार्य आसनों के लिए 30 सेकंड तथा वैकल्पिक आसनों के लिए 15 सेकंड का समय निर्धारित किया गया है। योगासन प्रदर्शन का प्रारंभ एवं समापन नमस्ते मुद्रा के साथ करना अनिवार्य होगा।

प्रतियोगिता कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें सूर्य नमस्कार के लिए 20 अंक, सातों आसनों के लिए 70 अंक तथा वेशभूषा, अनुशासन, माउंटिंग, डिसमाउंटिंग एवं काउंटर पोज के लिए 10 अंक निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक आसन का मूल्यांकन योगासन भारत (NSF) के माइक्रो मार्किंग सिस्टम के अनुसार किया जाएगा।