नीट परीक्षा को लेकर सीएम नायब सैनी का ऐलान, हरियाणा रोडवेज बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा
हरियाणा प्रदेश के सीएम नायब सैनी ने नीट परीक्षा को लेकर बड़ा ऐलान किया है। 21 जून को होने वाली नीट की परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को रोडवेज बसों में फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 20 और 21 जून को पूरे हरियाणा में परीक्षार्थियों के लिए मुफ्त रोडवेज बस सेवा उपलब्ध करवाने की घोषणा की है। ताकि उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इससे पहले राज्य सरकार द्वारा CET अभ्यर्थियों के लिए भी मुफ्त बस सेवा की सुविधा दी गई थी। इसी प्रकार अब नीट परीक्षार्थियों को भी मुफ्त बस सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा और उनके उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। सभी नीट अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर 20 और 21 जून को किसी भी हरियाणा रोडवेज बस में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नीट परीक्षा देने वालों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी परीक्षार्थी लगन से परीक्षा में भाग लें और अच्छे से तैयारी करें। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल एवं सफल भविष्य की कामना की।
