जेसीडी विद्यापीठ में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, 550 विद्यार्थियों सहित शिक्षकों व अभिभावकों को किया सम्मानित
सिरसा, 24 मई 2026: जेसीडी विद्यापीठ द्वारा 12वीं कक्षा की परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में एपीजे अब्दुल कलाम ऑडिटोरियम में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक प्रो. डॉ. जय प्रकाश के निर्देशन में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके शिक्षकों एवं अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में 65 से अधिक स्कूलों के लगभग 550 विद्यार्थी अपने अभिभावकों सहित शामिल हुए। विभिन्न स्कूलों के शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। जेसीडी विद्यापीठ द्वारा यूनिवर्सिटी एवं कॉलेज टॉपर्स को प्रशस्ति पत्र, ट्रॉफी एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त एनएसएस, एनसीसी, खेल एवं कला क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर सिरसा के जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक प्रो. डॉ. जय प्रकाश ने की।
कार्यक्रम के आरम्भ में वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से जेसीडी समूह के विभिन्न कॉलेजों, पाठ्यक्रमों, उपलब्धियों, प्लेसमेंट रिकॉर्ड तथा आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के संयोजक एवं जेसीडी इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के प्राचार्य डॉ. रोशन लाल ने मुख्य अतिथि, गणमान्य अतिथियों, प्राचार्यों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक प्रो. डॉ. जय प्रकाश ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेधावी विद्यार्थी ही भविष्य के भारत का आधार हैं और यही युवा आगे चलकर देश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालेंगे। उन्होंने कहा कि जेसीडी विद्यापीठ को ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित करने पर गर्व है।
उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए जेसीडी विद्यापीठ में प्रवेश लेने का आह्वान करते हुए कहा कि संस्थान में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय शिक्षा के साथ बेहतर प्लेसमेंट सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन हेतु संस्थान में प्रवेश परामर्श सेल भी स्थापित किया गया है।
प्रो. डॉ. जय प्रकाश ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप यह आयोजन विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को साथ लेकर शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास है। उन्होंने विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की घोषणा करते हुए आयोजन समिति एवं डॉ. रोशन लाल की सराहना की।
मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास एवं आत्मविश्वास निर्माण का आधार भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच एवं सही मार्गदर्शन को सफलता की कुंजी बताया।
उन्होंने कहा कि 12वीं के बाद विद्यार्थियों के जीवन की नई यात्रा प्रारंभ होती है, जो उनके भविष्य की दिशा तय करती है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। द सिरसा स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कोरियोग्राफी, राजस्थानी ग्रुप डांस एवं हरियाणवी डुएट डांस को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस दौरान सभी कॉलेजों द्वारा सूचना स्टॉल लगाकर विद्यार्थियों को विभिन्न कोर्सों की जानकारी भी प्रदान की गई। वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के लिए ठंडे एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर डीईओ कार्यालय के जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार, द सिरसा स्कूल की प्राचार्या मनीषा गोदारा, राजेश जैन, कृष्ण जैन एवं धर्मेंद्र जैन सहित जेसीडी समूह के विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य, शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. रणदीप कौर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
