SIRSA में नहरों व तालाबों में नहाने के शौकीन सावधान ! पुलिस की नजरों में है आप :- एसपी दीपक सहारन
Mahendra india news, new delhi
गर्मी के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन एवं सिरसा पुलिस ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर जिला सिरसा से होकर गुजरने वाली सभी नहरों व तालाबों में नहाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन में आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
SIRSA SP दीपक सहारन ने बताया कि पिछले वर्षों में नहरों में डूबने से कई लोगों की मृत्यु हो चुकी है। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में युवा एवं अन्य लोग नहरों में स्नान करने पहुंचते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है। एसपी दीपक सहारन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे नहरों में नहाने, स्टंट करने तथा सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने जैसी गतिविधियों से दूर रहें। अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और उन्हें गहरे पानी वाले स्थानों पर जाने से रोकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नहर किनारे शराब पीना, नशा करना या किसी प्रकार का हुड़दंग करना कानूनन अपराध है। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करें। यदि कोई व्यक्ति सरकारी आदेशों की अवहेलना करता पाया गया तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। SIRSA पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा जारी आदेशों का पालन करें और किसी भी अप्रिय घटना से बचने में सहयोग करें।
