CDLU विद्यार्थियों को मर्सी चांस, 18 नवंबर तक करें आवेदन; प्रति सेमेस्टर देने होंगे 15 हजार रुपये

 

 mahendra india news, new delhi

चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (CDLU), सिरसा ने यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए री-अपीयर, इम्प्रूवमेंट और कंपार्टमेंट श्रेणी के लिए मर्सी चांस देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा ऑड सेमेस्टर और वार्षिक परीक्षाओं के विद्यार्थियों को मिलेगी।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पात्र विद्यार्थी निर्धारित तिथियों तक परीक्षा आवेदन फॉर्म जमा करवा सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद 21 नवंबर तक 500 रुपये विलंब शुल्क और 25 नवंबर तक 900 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा।

मर्सी चांस के लिए 15 हजार रुपये फीस

मर्सी चांस के तहत प्रत्येक विद्यार्थी को प्रति सेमेस्टर 15,000 रुपये शुल्क देना होगा। वर्ष 2017 से पहले विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी परिणाम शाखा में ऑफलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं, वर्ष 2017 या उसके बाद प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद किसी भी परिस्थिति में परीक्षा आवेदन फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए पात्र विद्यार्थियों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।

अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.cdlu.ac.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।