HSSC Forest Guard Recruitment: करनाल में आज से शारीरिक परीक्षा, अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा वन विभाग में डिप्टी रेंजर, फारेस्टर एवं फारेस्ट गार्ड पदों के लिए शारीरिक जांच परीक्षण (PST) का आयोजन आज सोमवार से शुरू हो गया है। आज सोमवार यानि 23 से 30 नवंबर तक करनाल में पीएसटी का आयोजन किया जाएगा। इन पदों के लिए PMT (शारीरिक माप परीक्षण) में कामयाब कुल 16 हजार 424 अभ्यर्थी पीएसटी में शामिल होंगे। इनमें 12 हजार 404 पुरुष और 4020 महिला उम्मीदवार हैं।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने पीएसटी स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पीएसटी का आयोजन आउटर रिंग रोड, गांव दादूपुर खुर्द, विवान होटल के समीप, एनएच-44, करनाल में होगा।
बता दें कि इस PMT के लिए अभ्यर्थियों को स्टार्टिंग प्वाइंट से दौड़ शुरू करनी होगी। 12.5 किलोमीटर के पीएसटी ट्रैक पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार यू-टर्न लेकर दौड़ पूरी करनी होगी। अंतिम छोर पर LED स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर अभ्यर्थी अपनी दौड़ पूरी करने का समय देख सकेंगे। एक से अधिक पदों के लिए शार्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को पीएसटी में केवल एक बार भाग लेना होगा।
इसी के साथ ही प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग दौड़ लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। PST प्रक्रिया पूरी होने तक एक मेडिकल बोर्ड का भी गठन किया गया है। यदि किसी अभ्यर्थी को चिकित्सा आधार पर छूट प्राप्त करनी है तो इसके लिए आयोग कार्यालय, पंचकूला में रिप्रेजेंटेशन देना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी अपने साथ मेडिकल एवं अन्य संबंधित दस्तावेज अवश्य लेकर आएं।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अधिकािरयों के अनुसार पीएसटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हरियाणा रोडवेज बसों में फ्री यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। करनाल बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन से भी मुफ्त बस सेवा मिलेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा। किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 079719-00047 पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।