राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिरसा में मेगा रोजगार मेले का आयोजन, 550 को मिले नियुक्ति पत्र

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिरसा तथा जिला रोजगार कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को आईटीआई प्रांगण में मेगा जॉब फेयर-2026 का आयोजन किया गया। इस दौरान 30 कंपनी/ संस्थानों ने लगभग 550 युवाओं का चयन किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, हरियाणा सरकार कृष्ण लाल पंवार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।


कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि यह आयोजन केवल रोजगार देने और नौकरी पाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने, उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि युवा शक्ति लक्ष्य का निर्धारण कर उसे पाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें, एक दिन सफलता जरूर मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसी युवा के हाथ में रोजगार होता है तो उसके भीतर आत्मविश्वास पैदा होता है और उसके परिवार में खुशहाली आती है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य है। हरियाणा के युवाओं ने खेल, सेना, विज्ञान, तकनीक, उद्योग, कृषि और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, नौकरी, निजी क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का युवा अपनी योग्यता, मेहनत और कौशल के दम पर आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी गई है और योग्यता एवं मेहनत के आधार पर युवाओं को आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।


श्री पंवार ने सक्षम युवा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 1 नवंबर 2016 को यह योजना शुरू की गई थी। योजना के तहत पात्र युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने के साथ 100 घंटे के मानद कार्य के बदले मानदेय प्रदान किया जाता है।
उन्होंने युवाओं को विदेश जाने के संबंध में सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि युवा सही जानकारी हासिल करें और अधिकृत माध्यमों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को डंकी रूट के खतरों और अवैध एजेंटों के जाल से बचाने के लिए सरकार द्वारा कदम उठाए गए हैं। किसी भी एजेंट के झूठे वादों में आकर अपनी मेहनत की कमाई और जीवन को जोखिम में नहीं डालना चाहिए।


कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज सफलता के अवसर केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं हैं। निजी कंपनियों, उद्योगों, तकनीकी सेवाओं, स्वरोजगार और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए अनेक संभावनाएं मौजूद हैं। सरकार का प्रयास है कि हरियाणा का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला न बने, बल्कि अपनी प्रतिभा और नए विचारों के दम पर दूसरों को भी रोजगार देने वाला बने।


इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, जिला रोजगार अधिकारी डॉ कविता ग्रेवाल, प्राचार्य प्रवेश कुमार, प्राचार्य बुधराम, प्लेसमेंट ऑफिसर श्यामलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डबवाली रेनू शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सरपंच प्रिंस बिश्नोई सहित आईटीआई स्टाफ व अन्य गणमान्य सहित स्टूडेंट्स भी उपस्थित रहे।