SIRSA में एचटेट वाले परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू, निष्पक्ष व नकल रहित परीक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट
Mahendra india news, new delhi
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और नकल रहित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) का संचालन पूरी पारदर्शिता, शांति और निष्पक्षता के साथ किया जाएगा।
SIRSA अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरे, जैमर एवं वीडियोग्राफी की विशेष व्यवस्था रहेगी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम बनाया गया है जिसका नंबर 01666-247538 है। इसके अलावा शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी अमित मनहर (98122-75988) से भी संपर्क कर सकते है।
ये है परीक्षा का शेड्यूल:
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जुलाई को दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा होगी तथा 5 जुलाई को प्रात: कालीन सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा एवं सायं कालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित होगी।
जिले में बनाए गए 24 परीक्षा केंद्र पर 14238 परीक्षार्थी देंगे एक्जाम
जिले में परीक्षा के लिए 24 केंद्र स्थापित किए गए हैं। शनिवार को लेवल-3 की परीक्षा के लिए 13 परीक्षा केंद्रों पर 3910 परीक्षार्थी देंगे। रविवार को सुबह के सत्र में लेवल-2 की परीक्षा 24 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 7463 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे तथा इसी दिन दोपहर बाद लेवल-1 की परीक्षा 9 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी जिसमें 2865 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार जिले में कुल 14,238 परीक्षार्थी एचटेट परीक्षा में शामिल होंगे। जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। विवाहित महिला अभ्यर्थियों को पूरी जांच के बाद मंगलसूत्र, बिंदी के साथ प्रवेश की अनुमति रहेगी। वहीं सिख धर्म के अनुयायियों को धार्मिक परंपरा के अनुसार निर्धारित कृपाण रखने की छूट रहेगी। दिव्यांग परीक्षार्थियों को बोर्ड के नियमानुसार 50 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
एचटेट वाले परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू
जिले में 04 और 05 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के मद्देनजर जिलाधीश शांतनु शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के तहत प्रदत्त: शक्तियों का प्रयोग करते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लगाने के आदेश जारी किए है। परीक्षा समाप्ति तक सभी परीक्षा केंद्रों की परिधि में 200 मीटर के अंदर किसी भी प्रकार का हथियार ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्रों में केवल वे ही व्यक्ति प्रवेश कर सकेंगे जिनके पास वैध प्रवेश पत्र और पहचान पत्र हो। किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति की उपस्थिति वर्जित रहेगी। सभी परीक्षा केंद्रों से 500 मीटर की परिधि में स्थित फोटोस्टेट की दुकानों और कोचिंग संस्थानों का संचालन बंद रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास के 200 मीटर क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग निषेध रहेगी। सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास वाई-फाई कनेक्टिविटी युक्त किसी भी प्रकार के यंत्र/डिवाइस का उपयोग तथा 200 मीटर के भीतर लाउडस्पीकर का उपयोग पर पाबंदी रहेगी। परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल फोन, पेजर एवं किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के रखने-उपयोग पर पाबंदी रहेगी।
कड़े रहेंगे सुरक्षा प्रबंध
परीक्षा को लेकर पुलिस के भी कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। सभी 24 परीक्षा केंद्रों पर 550 पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां लगाई गई है। शहर में भी जगह-जगह पुलिस के नाके स्थापित किए जा रहे हैं। वहां संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा पुलिस कोचिंग संस्थानों व दूसरे स्थानों पर भी नजर रखेगी। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्रों के आसपास गहन जांच अभियान चलाएं और केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दें। यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की जा रही है।